आठ माह तक कार्यकारी जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाने के बाद मिली कमान, विद्यालय परिवार ने शॉल-श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया अभिनंदन
Seoni, 15 November 2026
सिवनी / बरघाट यशो:- निजी विद्यालयों के हितों और संगठनात्मक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे गुरुकुल पब्लिक स्कूल, बरघाट के संचालक एवं समाजसेवी नरेश सिंह राजपूत को प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन संचालक मंच, जिला सिवनी का निर्विरोध जिलाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर गुरुकुल पब्लिक स्कूल परिसर में विद्यालय परिवार द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित कर हर्ष व्यक्त किया गया।
नरेश सिंह राजपूत का जिलाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, कार्यकुशलता और निजी विद्यालय संचालकों के हितों के प्रति निरंतर समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। वे लंबे समय तक संगठन में जिला सचिव के दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं। इसके पश्चात विगत आठ माह से कार्यकारी जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुना गया।
शॉल-श्रीफल भेंट कर किया आत्मीय अभिनंदन
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष नरेश सिंह राजपूत के सम्मान में आयोजित समारोह में विद्यालय के प्राचार्य नितेश गौतम ने उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। हेडमिस्ट्रेस श्रीमती नाहिद खान ने तिलक-वंदन कर स्वागत किया, जबकि विद्यालय के संरक्षक अनिरुद्ध तिवारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर गुरुकुल पब्लिक स्कूल की निदेशक एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति सिंह राजपूत का भी विद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नरेश सिंह राजपूत को बधाई दी।
नेतृत्व क्षमता और संगठन के प्रति समर्पण की सराहना
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य नितेश गौतम ने कहा कि नरेश सिंह राजपूत के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव से जिले के निजी विद्यालयों को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
विद्यालय की निदेशक श्रीमती ज्योति सिंह राजपूत ने उनकी मेहनत, लगन और संगठन के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि निर्विरोध निर्वाचन संगठन का उनके प्रति अटूट विश्वास दर्शाता है। अकाउंटेंट वीरेंद्र बोपचे ने भी उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
निजी विद्यालयों के हितों और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध रहूंगा : नरेश सिंह राजपूत
समारोह के अंत में नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष नरेश सिंह राजपूत ने विद्यालय परिवार एवं सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। जिले के समस्त निजी विद्यालयों के हितों, समस्याओं और अधिकारों के संरक्षण के लिए पूरी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करेंगे। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने, विद्यालय संचालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
समारोह में विद्यालय परिवार ने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए उनके नेतृत्व में संगठन के उत्तरोत्तर विकास का विश्वास व्यक्त किया।