एमआरएफ और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का किया निरीक्षण, जनसंवाद शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
Chhindwara, 13 November 2026छिंदवाड़ा यशो:- आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने और शासकीय सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत 14वें शुक्रवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ दमुआ पहुंचे।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं जिला अधिकारियों के साथ विभिन्न शासकीय एवं नगरीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके पश्चात नगर पालिका भवन दमुआ में आयोजित खंड स्तरीय जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में नागरिकों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के साथ नगर पालिका दमुआ के वार्ड क्रमांक 17 स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, छंटाई और प्रबंधन की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से प्लांट की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने प्लांट में संचालित व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कचरे का व्यवस्थित पृथक्करण एवं उचित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया का नियमित और सुव्यवस्थित संचालन आवश्यक है।
स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता
इसके बाद कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 17 स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल शोधन की प्रक्रिया, स्थापित मशीनरी एवं उपकरणों तथा जल गुणवत्ता की जांच व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही अधिकारियों से नगर में पेयजल आपूर्ति की स्थिति और प्लांट के संचालन एवं रखरखाव की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देशित किया कि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए जल की गुणवत्ता की नियमित जांच, मशीनों का उचित रखरखाव तथा प्लांट का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका दमुआ अध्यक्ष श्रीमती किरण खातरकर, एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री राजनंदिनी सिंह ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसंवाद शिविर में नागरिकों से सीधा संवाद
निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर नगर पालिका भवन दमुआ में आयोजित खंड स्तरीय जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। यहां उन्होंने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना।
शिविर में प्राप्त आवेदनों तथा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शासकीय सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सके।