Fri, 13 Nov 2026 | 09:18:11 PM
Dainik Yashonnati
Breaking News Exclusive
जुआरियों ने किया पुलिस पर प्राणघातक हमला, 07 पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज जनजातीय गौरव दिवस को भव्यता के साथ मनाने की तैयारी, गांव-गांव पहुंचेगा भगवान बिरसा मुंडा के शौर्य और बलिदान का संदेश छपारा अग्निकांड के 6 मृतकों को नम आंखों से विदाई, कैंडल जलाकर नगरवासियों ने दी श्रद्धांजलि ड्राइवरों का हाईवे पर हल्लाबोल! NH-44 पर चक्काजाम, दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार नकली शराब के नेटवर्क पर आबकारी विभाग का शिकंजा, छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में कबाड़ दुकानों पर छापेमारी साधु के भेष में छिपा था शैतान! भभूत लगाकर महिला को किया बेहोश, मंगलसूत्र लूटने वाले 6 गिरफ्तार सांसद विवेक बंटी साहू ने राष्ट्रपति को दिया छिंदवाड़ा आने का निमंत्रण पेंच गाइड भर्ती पर अनियमितताओं के आरोप, 17 नवंबर से साक्षात्कार; 16 तक निष्पक्ष जांच की मांग मंडला में 15 नवंबर को सजेगी साहित्य की महफिल, ‘सिलसिला एवं तलाश-ए-जौहर’ का होगा आयोजन अग्रवाल समाज ने धूमधाम से मनाया अन्नकूट महोत्सव, गोवर्धन पूजन के साथ दीपावली मिलन की रही धूम जुआरियों ने किया पुलिस पर प्राणघातक हमला, 07 पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज जनजातीय गौरव दिवस को भव्यता के साथ मनाने की तैयारी, गांव-गांव पहुंचेगा भगवान बिरसा मुंडा के शौर्य और बलिदान का संदेश छपारा अग्निकांड के 6 मृतकों को नम आंखों से विदाई, कैंडल जलाकर नगरवासियों ने दी श्रद्धांजलि ड्राइवरों का हाईवे पर हल्लाबोल! NH-44 पर चक्काजाम, दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार नकली शराब के नेटवर्क पर आबकारी विभाग का शिकंजा, छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में कबाड़ दुकानों पर छापेमारी साधु के भेष में छिपा था शैतान! भभूत लगाकर महिला को किया बेहोश, मंगलसूत्र लूटने वाले 6 गिरफ्तार सांसद विवेक बंटी साहू ने राष्ट्रपति को दिया छिंदवाड़ा आने का निमंत्रण पेंच गाइड भर्ती पर अनियमितताओं के आरोप, 17 नवंबर से साक्षात्कार; 16 तक निष्पक्ष जांच की मांग मंडला में 15 नवंबर को सजेगी साहित्य की महफिल, ‘सिलसिला एवं तलाश-ए-जौहर’ का होगा आयोजन अग्रवाल समाज ने धूमधाम से मनाया अन्नकूट महोत्सव, गोवर्धन पूजन के साथ दीपावली मिलन की रही धूम

पत्रकार वार्ता : जनजातीय गौरव दिवस को भव्यता के साथ मनाने की तैयारी, गांव-गांव पहुंचेगा भगवान बिरसा मुंडा के शौर्य और बलिदान का संदेश

Dainik Yashonnati

Dainik Yashonnati / Nov 13, 2026 08:03 pm / Post views : 6

जनजातीय गौरव दिवस को भव्यता के साथ मनाने की तैयारी, गांव-गांव पहुंचेगा भगवान बिरसा मुंडा के शौर्य और बलिदान का संदेश
शेयर करें:

बरघाट विधायक कमल मर्सकोले ने पत्रकार वार्ता में रखी जनजातीय गौरव दिवस की ऐतिहासिक महत्ता और आयोजन की विस्तृत रूपरेखा, 11 से 20 नवंबर तक होंगे विविध कार्यक्रम

विधायक कमल मर्सकोले बोले - जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास देश की अमूल्य धरोहर, संस्कृति और अस्मिता को संरक्षित रखते हुए विकास के नए अवसरों से जोडऩा हमारा दायित्व

Seoni, 13 November 2026

सिवनी यशो:- जनजातीय गौरव दिवस केवल किसी महापुरुष की जयंती मनाने का अवसर नहीं, बल्कि भारत के गौरवशाली इतिहास के उन स्वर्णिम अध्यायों को राष्ट्रीय चेतना के केंद्र में स्थापित करने का महापर्व है, जिन्हें लंबे समय तक अपेक्षित सम्मान और पहचान नहीं मिल सकी।

भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के असंख्य वीर नायकों ने अपने शौर्य, संघर्ष, त्याग और बलिदान से देश की स्वतंत्रता, सांस्कृतिक अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जो इतिहास रचा, वह आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है।

इसी गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाने और जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी जिला सिवनी द्वारा 11 से 20 नवंबर तक व्यापक स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में भाजपा जिला सिवनी द्वारा रजवाड़ा सेलिब्रेशन में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन की अध्यक्षता में आयोजित इस पत्रकार वार्ता के मुख्य वक्ता बरघाट विधायक कमल मर्सकोले थे, जबकि अनुसूचित जनजाति मोर्चा के संभागीय प्रभारी संजय सिंह कुशराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही अर्जुन सिंह उईके भाजपा जिला महामंत्री गजानंद पंचेश्वर भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी भी मंचासीन रहे।

kamal-marskole-janjatiya-gaurav-diwas-seoni-2026-6af71fa743b9a.webp

पत्रकार वार्ता में जनजातीय गौरव दिवस के ऐतिहासिक महत्व, भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, जनजातीय महापुरुषों के अतुलनीय योगदान तथा भारतीय जनता पार्टी एवं प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार 11 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी गई।

जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और विकास के नए संकल्प का प्रतीक है यह महापर्व : विधायक कमल मर्सकोले

पत्रकार वार्ता के मुख्य वक्ता बरघाट विधायक कमल मर्सकोले ने अपने संबोधन में जनजातीय गौरव दिवस की मूल भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास किसी एक क्षेत्र अथवा समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतवर्ष की सभ्यता, संस्कृति, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संघर्ष का अभिन्न हिस्सा है।

जनजातीय समाज ने सदियों से अपनी जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। अंग्रेजी शासन के अत्याचारों और शोषण के विरुद्ध जनजातीय वीरों ने जिस अदम्य साहस का परिचय दिया, वह भारतीय इतिहास का अत्यंत गौरवशाली अध्याय है।

विधायक श्री मर्सकोले ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, संगठन शक्ति और सामाजिक चेतना का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अल्पायु में ही जनजातीय समाज को संगठित कर अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के विरुद्ध ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया।

उनका संघर्ष केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं था, बल्कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा का भी आंदोलन था। यही कारण है कि भगवान बिरसा मुंडा आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणापुंज हैं।

उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय समाज के योगदान को व्यापक पहचान दिलाना समय की आवश्यकता है। भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती, टंट्या मामा, शंकर शाह और रघुनाथ शाह जैसे महान नायकों का जीवन नई पीढ़ी के सामने आना चाहिए। इन महापुरुषों ने अपने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के लिए संघर्ष किया। उनके बलिदान को स्मरण करना मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प है।

श्री मर्सकोले ने कहा कि जनजातीय समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान, लोककला, लोकगीत, नृत्य, रीति-रिवाजों और प्रकृति के साथ उसके आत्मीय संबंधों में बसती है। आधुनिक विकास की यात्रा में इन विशिष्ट परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उसकी मूल पहचान को सुरक्षित रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष की गाथाएं गांव-गांव, घर-घर और विद्यार्थियों तक पहुंचें। छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले बच्चों को अपने इतिहास से परिचित कराया जाए, युवाओं में अपने समाज के प्रति गौरव और आत्मविश्वास का भाव जागृत हो तथा गांवों में चौपालों के माध्यम से समाज के लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया जाए।

विधायक श्री मर्सकोले ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एवं प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार आयोजित यह दस दिवसीय कार्यक्रम केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक योगदान और विकास से जुड़े विषयों पर व्यापक जनजागरण का माध्यम बनेगा।

उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से इन आयोजनों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।

जनजातीय समाज की अस्मिता और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देना हमारी प्राथमिकता : मीना बिसेन

पत्रकार वार्ता की अध्यक्षता कर रहीं भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय देश के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम है। यह निर्णय जनजातीय समाज के गौरवशाली अतीत, उसके संघर्ष, बलिदान और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की भावना का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक जयंती अथवा औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने वाला राष्ट्रीय महापर्व है। इसका उद्देश्य समाज की नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के संघर्ष, महान परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोडऩा है।

श्रीमती बिसेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने बहुत कम आयु में अंग्रेजी शासन के शोषण और अन्याय के विरुद्ध जिस साहस के साथ संघर्ष किया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने समाज को संगठित कर अपनी संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए प्रेरित किया। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार की मंशा है कि जनजातीय समाज अपनी सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए विकास की प्रत्येक धारा से जुड़े। इसके लिए गांवों, बस्तियों, छात्रावासों और आश्रमों तक पहुंचकर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और इन आयोजनों के उद्देश्यों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का आग्रह किया।

जनजातीय महापुरुषों के बलिदान को मिलेगी नई पीढ़ी तक पहचान : संजय सिंह कुशराम

पत्रकार वार्ता में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अनुसूचित जनजाति मोर्चा के संभागीय प्रभारी संजय सिंह कुशराम ने जनजातीय गौरव दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के असंख्य वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी।

इन वीर सपूतों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए देश की स्वतंत्रता के साथ-साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक अस्मिता की रक्षा के लिए अद्वितीय योगदान दिया।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से जनजातीय समाज के महान नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है।

संजय कुशराम ने बताया कि प्रदेश सरकार एवं भारतीय जनता पार्टी के निर्देशानुसार 11 से 20 नवंबर तक विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसके अंतर्गत 5 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास पर जनजातीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर भी आयोजन निर्धारित किए गए हैं। 14 नवंबर को जबलपुर तथा 15 नवंबर को धार एवं जोबट जिला अलीराजपुर में प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को प्रदेश के प्रत्येक जिले और विकासखंड में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इन कार्यक्रमों से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वेबकास्ट के माध्यम से जुड़ेंगे। छात्रावासों और आश्रमों में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित निबंध, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विद्यार्थियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था भी रहेगी।

इसी प्रकार 16 से 18 नवंबर तक जनजातीय संस्कृति और साहित्य पर आधारित नृत्य, नाट्य प्रस्तुतियां, पारंपरिक कथाएं, संगीत, रंगोली, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

16 एवं 17 नवंबर को छात्रावासों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया जाएगा। वहीं 18 से 20 नवंबर तक चयनित जनप्रतिनिधि गांव-गांव पहुंचकर चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इन कार्यक्रमों में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं, महापुरुषों के योगदान और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

जनभागीदारी से गांव-गांव पहुंचेगा गौरव और जागरूकता का संदेश

पत्रकार वार्ता में अर्जुन सिंह उईके ने भी जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक परंपराओं को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसके लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं, ताकि युवा पीढ़ी अपने महापुरुषों के संघर्ष, बलिदान और समाज की विशिष्ट पहचान से परिचित हो सके।

उन्होंने कहा कि गांवों में आयोजित होने वाली चौपाल और जनसंवाद गतिविधियां समाज के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बनेंगी। इनके माध्यम से जनजातीय समाज की अपेक्षाओं, आवश्यकताओं और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा का अवसर मिलेगा।

11 से 20 नवंबर तक चलेगा गौरव, संस्कृति और जनजागरण का अभियान

पत्रकार वार्ता में बताया गया कि आगामी दस दिनों तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनजातीय समाज के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के जीवन प्रसंगों को प्रमुखता दी जाएगी। छात्रावासों, आश्रमों, शैक्षणिक संस्थानों और गांवों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को इस गौरवशाली विरासत से जोड़ा जाएगा।

वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि जनजातीय गौरव दिवस भारत की सांस्कृतिक विविधता, राष्ट्रीय एकता और जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान को नमन करने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए जनजातीय समाज की अस्मिता, परंपराओं और अधिकारों का सम्मान तथा विकास के नए अवसरों का विस्तार ही इस आयोजन की मूल भावना है।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला महामंत्री गजानंद पंचेश्वर भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी तथा इलेक्ट्रानिक मीडिया प्रिंट मीडिया एवं वेबमीडिया के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे ।

Live

लाइव क्रिकेट Score

Live

दैनिक राशिफल Daily

ज्योतिष

जरूरी खबरें