रॉ वाटर ग्रेविटी पाइपलाइन का काम पूरा नहीं हुआ तो बैंक गारंटी होगी राजसात, अनुबंध भी होगा समाप्त; अमृत 2.0 के सीवरेज कार्य दो माह में पूरे करने के सख्त निर्देश
Chhindwara, 13 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- नगरीय विकास एवं निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयसीमा और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त तथा मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत नगर निगम छिंदवाड़ा में निर्माणाधीन फायर स्टेशन का जायजा लिया। इसके साथ ही विश्व बैंक सहायतित सीवरेज परियोजना के तहत निर्मित मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) और नगर निगम कार्यालय की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को समयसीमा में काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
फायर स्टेशन निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता परखी
आयुक्त संकेत भोंडवे ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत नगर निगम छिंदवाड़ा में कराए जा रहे फायर स्टेशन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि नागरिकों को अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके।
सीवरेज परियोजना और एसटीपी की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
इसके पश्चात आयुक्त ने विश्व बैंक सहायतित सीवरेज परियोजना के अंतर्गत निर्मित मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) का निरीक्षण किया। उन्होंने संयंत्र की कार्यप्रणाली, संचालन और संधारण व्यवस्था का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने नगर निगम कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा वहां संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जियो मिलर कंपनी को 15 दिन का अल्टीमेटम, बैंक गारंटी राजसात करने की चेतावनी
निरीक्षण के बाद आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में आयुक्त संकेत भोंडवे ने नगरीय निकायों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान रॉ वाटर ग्रेविटी पाइपलाइन विस्तार कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जियो मिलर कंपनी को 15 दिवस का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित 15 दिनों के भीतर कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में कंपनी की बैंक गारंटी राजसात करने के साथ ही अनुबंध समाप्त करने (टर्मिनेट) की कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अमृत 2.0 के सीवरेज कार्य दो माह में पूरे करने के निर्देश
आयुक्त ने अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत संचालित सीवरेज निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि इन सभी कार्यों को आगामी दो माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। साथ ही मैनहोल निर्माण में केवल प्रीकास्ट तकनीक का ही उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगरीय विकास परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करें और निर्माण एजेंसियों से तय समय में परिणाम सुनिश्चित कराएं।
आयुक्त के इस निरीक्षण और समीक्षा बैठक से छिंदवाड़ा में लंबित नगरीय विकास परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से रॉ वाटर ग्रेविटी पाइपलाइन और सीवरेज परियोजना को लेकर जारी सख्त निर्देशों के बाद अब संबंधित निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली और प्रगति पर निगाह रहेगी।