डंडे और पत्थरों से प्रधान आरक्षक पर किया हमला, सिर में गंभीर चोट; नागपुर में चल रहा उपचार, जुआ खेलते 9 आरोपी भी गिरफ्तार
Chhindwara, 13 November 2026
छिंदवाड़ा / अमरवाड़ा यशो:- जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। जुआरियों को चौकी लेकर जा रहे पुलिसकर्मियों को रास्ते में घेरकर सात आरोपियों ने डंडों और पत्थरों से बेरहमी से मारपीट की। हमले में एक प्रधान आरक्षक के सिर में गंभीर चोट आई है, जिनका उपचार नागपुर में जारी है। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास और शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 की रात्रि करीब 1 बजे ग्राम पटनिया में जुआ खेले जाने की सूचना पर चौकी प्रभारी सिंगोड़ी पंकज राय के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की थी। इस दौरान पुलिस ने जुआ खेल रहे नौ लोगों को पकड़ा और उन्हें चौकी लाया जा रहा था। इसी बीच पीछे से मोटरसाइकिल पर आ रहे प्रधान आरक्षक संतोष उइके (क्रमांक 415) एवं निजी चालक नितेश डेहरिया को रास्ते में सात आरोपियों ने रोक लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ विवाद करते हुए अचानक डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में प्रधान आरक्षक संतोष उइके के सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद घायल प्रधान आरक्षक को उपचार के लिए नागपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सात आरोपियों धनराज गुन्हेरे निवासी पटनिया, प्रवीण धुर्वे निवासी मेडकी, वीरेंद्र भलावी निवासी मेडकी ताल, संजू उर्फ संजय परतेती निवासी पटनिया, शिवराज परतेती निवासी पटनिया, अरविंद भारती निवासी पटनिया एवं धर्मेंद्र भलावी निवासी मेडकी ताल के विरुद्ध हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 787/26 दर्ज कर गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।
जुआ खेलते नौ आरोपी गिरफ्तार, 13 हजार 500 रुपये जब्त
वहीं ग्राम पटनिया में की गई जुआ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नौ आरोपियों सुभाष कहार, रघुनाथ कहार, अंकित बेलवंशी, ओमप्रकाश परतेती, अरुण कहार, भीम विश्वकर्मा, सुनील चंद्रवंशी, जितेंद्र बनवारी एवं शिशु कुमार चौरे को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 13 हजार 500 रुपये की राशि जब्त की है।
पुलिस ने सभी नौ जुआरियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। जुआ कार्रवाई के बाद पुलिस टीम पर हुए हमले ने कानून व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना में जुटी हुई है।