दुर्घटनाग्रस्त ट्रक पुलिस के कब्जे में था, फिर भी उसी नंबर से ऑनलाइन दर्शाया सरकारी राशन का परिवहन; दूसरे ट्रक से माल पहुंचाकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लिया भुगतान
Chhindwara, 13 November 2026
छिंदवाड़ा यशो :- सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के तहत सरकारी राशन के परिवहन में फर्जी इलेक्ट्रॉनिक ट्रक चिट और बिल तैयार कर शासन को लाखों रुपये की चपत लगाने वाले गिरोह का जुन्नारदेव पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
इस पूरे खेल में ऐसा ट्रक सरकारी राशन का परिवहन करता हुआ ऑनलाइन दर्शाया गया, जो दुर्घटना के बाद पुलिस अभिरक्षा में खड़ा था। इसके बावजूद उसी ट्रक के नंबर से 11 फर्जी ट्रक चिट और बिल तैयार कर परिवहन भुगतान हासिल कर लिया गया। पुलिस ने मामले में ट्रक मालिक, वेयरहाउस प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के कब्जे में ट्रक, कागजों में दौड़ता रहा राशन!
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी श्याम पाल का ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पुलिस अभिरक्षा में खड़ा था। नियमानुसार उस ट्रक का उपयोग परिवहन के लिए संभव नहीं था, लेकिन आरोपियों ने कथित रूप से इसी ट्रक के नंबर का इस्तेमाल कर ऑनलाइन फर्जी इलेक्ट्रॉनिक ट्रक चिट और बिल तैयार कर दिए।
हैरानी की बात यह रही कि दस्तावेजों में सरकारी राशन का परिवहन पुलिस अभिरक्षा में खड़े ट्रक से होना दर्शाया गया, जबकि वास्तविकता में राशन दूसरे ट्रक के माध्यम से पहुंचाया गया। इस तरह वास्तविक परिवहन और ऑनलाइन दस्तावेजों में अलग-अलग वाहनों का खेल रचकर फर्जी भुगतान प्राप्त किया गया।
11 फर्जी ट्रक चिट बनाकर शासन को लगाई चपत
जांच में कुल 11 फर्जी इलेक्ट्रॉनिक ट्रक चिट तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इन चिट और फर्जी बिलों के आधार पर सरकारी राशन परिवहन दर्शाकर शासन से परिवहन राशि हासिल की गई। इस पूरे मामले ने सरकारी राशन वितरण एवं परिवहन व्यवस्था में दस्तावेजों के सत्यापन और निगरानी प्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ट्रक से लेकर कंप्यूटर और फर्जी सील तक जब्त
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान फर्जीवाड़े में उपयोग किए गए ट्रक, कंप्यूटर, प्रिंटर, 11 फर्जी ट्रक चिट, फर्जी बिल और सील सहित अन्य सामग्री जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
वेयरहाउस के अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
पुलिस का कहना है कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं इस पूरे फर्जीवाड़े में वेयरहाउस के अन्य कर्मचारियों की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अब जांच का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पुलिस अभिरक्षा में खड़े ट्रक के नाम से 11 फर्जी ट्रक चिट और बिल किस प्रक्रिया से तैयार हुए, इन दस्तावेजों को सत्यापित किसने किया और भुगतान स्वीकृत करने की जिम्मेदारी किन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की थी। पुलिस की आगे की जांच में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है।