ड्राइवर आयोग, सुरक्षा कानून और वेलफेयर बोर्ड बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन; आरटीओ की कथित वसूली पर भी जताई नाराजगी, यात्री परेशान
Seoni, 12 November 2026
सिवनी / लखनादौन यशो :- सिवनी जिले के लखनादौन से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-44 पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ड्राइवरों ने चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया और देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों की प्रमुख मांग है कि उनके हितों और समस्याओं के समाधान के लिए अलग से ड्राइवर आयोग का गठन किया जाए। इसके साथ ही ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करने और ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाने की मांग भी उठाई गई है।
ड्राइवरों ने आरटीओ की कथित वसूली को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि लंबे समय से ड्राइवरों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन उनकी मांगों और परेशानियों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन से मांगों पर ठोस निर्णय लेने की अपील की है।
कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार, यात्री हलकान
हाईवे पर चक्काजाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। यातायात बाधित होने से जरूरी काम से निकले लोगों, मालवाहक वाहनों और अन्य यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। हाईवे से गुजरने वाले वाहन जाम में फंसे हुए हैं।
फिलहाल प्रदर्शन और चक्काजाम के चलते NH-44 पर यातायात व्यवस्था प्रभावित है। अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई और ड्राइवरों से होने वाली बातचीत पर टिकी हैं।