जनसहयोग से नौनिहालों को मिल रही निःशुल्क गणवेश, नियमित उपस्थिति और अनुशासन को प्रोत्साहित करने की पहल
Seoni, 14 November 2026
सिवनी यशो:- आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों के लिए आकर्षक, आत्मीय और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में ‘स्नेह परिधान संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है। इस पहल के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों में दर्ज बच्चों को जनसहयोग से निःशुल्क गणवेश उपलब्ध कराई जा रही है। अभियान का उद्देश्य बच्चों में अपनत्व की भावना विकसित करने के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में उनकी नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करना है।
जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग सिवनी मनोज लारोकर के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके अंतर्गत सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से सहयोग प्राप्त कर आंगनवाड़ी केंद्रों में नियमित आने वाले बच्चों को निःशुल्क गणवेश प्रदान की जा रही है।
गणवेश से बच्चों में विकसित होगी समूह भावना
गणवेश मिलने से बच्चों में आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रति आकर्षण और अपनत्व बढ़ाने के साथ उनमें एकरूपता, अनुशासन एवं समूह भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग की मंशा है कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों को स्नेह, सहभागिता और सकारात्मक वातावरण देने वाले केंद्र के रूप में विकसित हों।
चार आंगनवाड़ी केंद्रों में वितरित की गई गणवेश
इसी क्रम में 13 नवंबर 2026 को परियोजना सिवनी ग्रामीण-02 के अंतर्गत आने वाले आंगनवाड़ी केंद्र चूनाभट्टी, खमरिया, पोंडी एवं चिचबंद में ‘स्नेह परिधान’ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों के सहयोग से आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को निःशुल्क गणवेश वितरित की गई।
नई गणवेश पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में बच्चों को मिष्ठान भी वितरित किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों ने बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र आने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही बच्चों के बेहतर विकास के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अभिभावकों के बीच समन्वय एवं सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
जनभागीदारी से मजबूत होगी आंगनवाड़ी व्यवस्था
महिला एवं बाल विकास विभाग ने ‘स्नेह परिधान संकल्प अभियान’ में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, अभिभावकों, पत्रकारों एवं आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है। विभाग का मानना है कि जनसहयोग से संचालित ऐसी पहल बच्चों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ समुदाय के जुड़ाव को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।