सूर्यवंशी कलार समाज ने उत्साह और श्रद्धा से मनाया जन्मोत्सव, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रैली का किया भव्य स्वागत
Chhindwara, 16 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन का जन्मोत्सव सूर्यवंशी कलार समाज जिला छिंदवाड़ा द्वारा हर्षोल्लास, धूमधाम और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में समाज के हजारों महिला-पुरुषों एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। भव्य वाहन रैली में उमड़े जनसैलाब ने सामाजिक एकता, संगठन की शक्ति और आराध्य भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन के प्रति समाज की अटूट आस्था का परिचय दिया।
जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे पोला ग्राउंड स्थित सहस्त्रबाहु चौक पर भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन की विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात दशहरा मैदान से कृष्णा लॉन तक भव्य वाहन रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उत्साहपूर्वक शामिल हुए। जयघोष और उत्साह के बीच निकली रैली ने पूरे आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
नगर में जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा से किया अभिनंदन
वाहन रैली का छिंदवाड़ा नगर में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों तथा सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर रैली में शामिल समाजजनों का अभिनंदन किया गया। साथ ही स्वागत एवं स्वल्पाहार की व्यवस्थाएं भी की गईं। सूर्यवंशी कलार समाज ने नगरवासियों एवं विभिन्न संगठनों द्वारा मिले स्नेह, सहयोग और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
वार्षिक प्रतिवेदन में रखी सामाजिक गतिविधियों और आय-व्यय की जानकारी
जन्मोत्सव समारोह के दौरान सूर्यवंशी कलार समाज के सचिव नंदन सूर्यवंशी ने समाज द्वारा वर्षभर में किए गए सामाजिक, रचनात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने वार्षिक प्रतिवेदन के माध्यम से समाज की गतिविधियों एवं उपलब्धियों के साथ आय-व्यय का विवरण भी समाजजनों के समक्ष रखा। उन्होंने भविष्य में समाज को और अधिक संगठित, सक्रिय एवं सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
समाज की एकजुटता और सहयोग के लिए जताया आभार
समारोह के समापन पर समाज अध्यक्ष देवीचंद सूर्यवंशी एवं समस्त कार्यकारिणी ने जन्मोत्सव में शामिल हुए सामाजिक बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं, अतिथियों, सहयोगकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों तथा नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन की व्यापक सहभागिता ने समाज की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति को नई ऊर्जा प्रदान की।