क्रिकेट के माध्यम से जिले की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर : सांसद बंटी विवेक साहू
Chhindwara, 16 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। जिला स्तरीय क्रिकेट स्पर्धा के लिए छिंदवाड़ा-पांढुर्णा संसदीय क्षेत्र से कुल 151 टीमों ने नि:शुल्क पंजीयन कराया है। बड़ी संख्या में टीमों की भागीदारी युवाओं में क्रिकेट के प्रति उत्साह और खेल के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है।
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय क्रिकेट स्पर्धा के शुभारंभ अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि महोत्सव के माध्यम से जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंड, ग्राम पंचायतों, ग्रामीण अंचलों और शहरी वार्डों तक के खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में महापौर विक्रम अहके ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित क्रिकेट स्पर्धा युवाओं में खेल भावना विकसित करने के साथ ही उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। इस आयोजन से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम को भाजपा जिला महामंत्री विजय पांडे एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय झांझरी ने भी संबोधित किया। आयोजन के दौरान पुलिस बैंड द्वारा सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम में आकर्षण और उत्साह का संचार किया।