प्रदेश में पहली बार सबस्टेशन छोर से जनरेटिंग यूनिट को नेशनल ग्रिड की फ्रीक्वेंसी के अनुरूप जोड़ा गया, ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल सफल
Seoni, 16 November 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश की विद्युत पारेषण व्यवस्था के इतिहास में सिवनी ने एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि दर्ज की है। जिले के 132 केवी गोपालगंज सबस्टेशन और पेंच हाइडल पावर हाउस की यूनिट-2 के बीच ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस अभ्यास में पहली बार किसी एक्स्ट्रा हाई टेंशन (EHT) सबस्टेशन से जनरेटिंग यूनिट का नेशनल ग्रिड की फ्रीक्वेंसी के अनुरूप सिंक्रोनाइजेशन किया गया। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के इतिहास में ही नहीं, बल्कि प्रदेश की विद्युत प्रणाली में भी इसे अपनी तरह का पहला प्रयोग बताया गया है।
इस उपलब्धि ने आपातकालीन परिस्थितियों में बिजली ग्रिड की पुनर्बहाली की तकनीकी क्षमता को एक नई मजबूती दी है। ब्लैकआउट जैसी स्थिति में विद्युत आपूर्ति को चरणबद्ध तरीके से बहाल करने के लिए किए गए इस अभ्यास में सबस्टेशन स्तर से जनरेटिंग यूनिट तक विद्युत आपूर्ति पहुंचाने और उसे सिंक्रोनाइज करने की प्रक्रिया का सफल परीक्षण किया गया।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों और अभियंताओं को दी बधाई
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल के सफल आयोजन पर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी, मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी एवं मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में यह बड़ी उपलब्धि कार्मिकों की कर्मठता, तकनीकी दक्षता और समर्पण का परिणाम है।
सबस्टेशन छोर से जनरेटिंग यूनिट को किया सिंक्रोनाइज
एमपी स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के मुख्य अभियंता श्री राजेश गुप्ता ने बताया कि इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य ब्लैकआउट जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में ट्रांसमिशन सिस्टम की सुरक्षित एवं क्रमबद्ध पुनर्बहाली की प्रक्रिया का परीक्षण करना था। अभ्यास के दौरान ग्रिड आइलैंडिंग, सिंक्रोनाइजेशन तथा वोल्टेज एवं फ्रीक्वेंसी नियंत्रण से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकी प्रक्रियाओं की जांच की गई।
उन्होंने बताया कि सामान्यतः ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल में जनरेटर छोर से सिस्टम को सिंक्रोनाइज कर संबंधित सबस्टेशन में विद्युत आपूर्ति बहाल की जाती है, लेकिन इस बार एमपी ट्रांसको ने सबस्टेशन छोर से ही जनरेटिंग यूनिट को सिंक्रोनाइज करने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की।
इसके लिए सबसे पहले पेंच हाइडल पावर हाउस की यूनिट-2 को आइलैंडिंग किया गया। इसके बाद निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गोपालगंज सबस्टेशन में स्थापित बे कंट्रोल यूनिट के इंटरनल फीचर की सहायता से पेंच हाइडल यूनिट-2 की बस तक विद्युत आपूर्ति पहुंचाई गई। इसके पश्चात जनरेटिंग यूनिट का सिंक्रोनाइजेशन किया गया। इस प्रक्रिया ने सबस्टेशन स्तर से विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने और जनरेटिंग यूनिट को ग्रिड के अनुरूप जोड़ने की तकनीकी क्षमता को प्रमाणित किया।
क्या है ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल?
ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल विद्युत क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण आपातकालीन तकनीकी अभ्यास है। इसमें यह परखा जाता है कि यदि किसी कारणवश पूरा बिजली ग्रिड ठप हो जाए तो बाहरी विद्युत आपूर्ति के बिना पावर हाउस को किस प्रकार चालू किया जा सकता है और उसके बाद चरणबद्ध तरीके से विद्युत प्रणाली को दोबारा कैसे बहाल किया जा सकता है।
इस अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में बिजली व्यवस्था को पुनः शुरू करने की तकनीकी प्रक्रियाओं, सुरक्षा मानकों और विभिन्न विद्युत इकाइयों के बीच समन्वय की व्यावहारिक जांच की जाती है।
तीन फीडरों पर एक घंटे तक रहा अस्थायी विद्युत व्यवधान
श्री गुप्ता ने बताया कि मॉकड्रिल के दौरान 33 केवी के तीन फीडरों पर लगभग एक घंटे तक अस्थायी रूप से विद्युत व्यवधान रहा। इसके माध्यम से सिस्टम रिस्टोरेशन के विभिन्न चरणों का वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण किया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर जबलपुर, फील्ड स्टाफ और संबंधित कंट्रोल रूम के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा गया। सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
एसएलडीसी जबलपुर ने तैयार की थी पूरी कार्ययोजना
इस महत्वपूर्ण तकनीकी अभ्यास की रणनीति, संचालन प्रक्रिया और सिंक्रोनाइजेशन प्रोटोकॉल एमपी ट्रांसको के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर जबलपुर के सहायक अभियंता समीरन कुमार रॉय ने तैयार किए थे। कार्ययोजना में स्टार्ट-अप पावर स्थापित करने, विभिन्न चरणों में समन्वय बनाने तथा ग्रिड की आपातकालीन पुनर्बहाली क्षमता के परीक्षण से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाएं शामिल थीं।
प्रस्तावित प्रक्रिया को एसएलडीसी के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता वी.के. अग्रवाल तथा परीक्षण एवं संचार सिवनी वृत्त के अधीक्षण अभियंता निजाम सिंह लोधी की संयुक्त टीम ने अनुमोदित किया।
अधिकारियों और अभियंताओं की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस तकनीकी उपलब्धि को सफल बनाने में एमपी ट्रांसको के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर की कार्यपालन अभियंता श्रीमती सिंड्रेला फेलिक्स एवं सहायक अभियंता समीरन कुमार रॉय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एमपी ट्रांसको की ओर से सहायक अभियंता (टेस्टिंग) विशाल बालाधारे, सहायक अभियंता श्रीमती सीमा डोंगरे तथा कनिष्ठ अभियंता सिद्धार्थ नंदागौली ने सहयोग प्रदान किया। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की ओर से गोपालगंज के सहायक अभियंता अंकित जैन तथा जनरेशन कंपनी की ओर से अरुण मुंगोले ने भागीदारी की। वहीं अदाणी कंपनी की ओर से आशीष डेहरिया एवं मिथिलेश मालवीय ने भी इस तकनीकी अभ्यास में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
सिवनी के गोपालगंज सबस्टेशन से संपन्न यह सफल प्रयोग प्रदेश की विद्युत पारेषण प्रणाली की आपातकालीन तैयारियों और तकनीकी दक्षता के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।