पंक्ति मौर्य ने जीते रजत और कांस्य पदक, नौ विद्यार्थियों का विभिन्न आयु वर्गों में चयन
Chhindwara, 16 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- खेल प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर विद्या भूमि पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, जबलपुर संभाग एवं जिले को गौरवान्वित किया है। विद्यार्थियों ने 31वीं राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता एवं 70वीं राज्य स्तरीय शालेय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-11, अंडर-14 एवं अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
भोपाल में 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 31वीं राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में विद्या भूमि की प्रतिभाशाली खिलाड़ी पंक्ति मौर्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत एवं कांस्य पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से जबलपुर संभाग और छिंदवाड़ा जिले का गौरव बढ़ा है।
इसके साथ ही विद्यालय के नौ विद्यार्थियों का विभिन्न आयु वर्गों में राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में राजेश्वरी टेकाम, छायांक शाह परतेती, विराट मौर्य, अक्षत साहू, वंशिता राय, भाविका परतेती, रिशांक विश्वकर्मा, हिमांक पवार एवं कुशांक डोंगरे शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के दम पर संभागीय टीम में स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रशासिका डॉ. विजया यादव, चेयरमैन डॉ. शेषराव यादव, तकनीकी निदेशक विशेष यादव, विद्याभूमि क्लब अध्यक्ष राजेश बोध, जिला शिक्षा अधिकारी इडपाचे, जिला क्रीड़ा अधिकारी योगेश प्रसाद चौरिया सहित समस्त विद्या भूमि परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी है।
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और संभाग का नाम रोशन करेंगे।