देवउठनी ग्यारस और विवाह मुहूर्तों को देखते हुए लॉन संचालकों को समझाइश, नाबालिगों की शादी में सहयोग न करने की अपील
Seoni, 16 November 2026
सिवनी यशो:- देवउठनी ग्यारस के साथ शुरू हो रहे विवाह आयोजनों के सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए सक्रियता बढ़ा दी है। अब मैरिज गार्डन और लॉन संचालकों को विवाह समारोह की बुकिंग से पहले वर-वधू की उम्र की पुष्टि करने की समझाइश दी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में नाबालिगों के विवाह आयोजन में सहयोग न किया जाए। बाल विवाह सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है।
बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक बाल विवाह मुक्त भारत अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री मनोज लारोकर के मार्गदर्शन में अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
बुकिंग से पहले उम्र की पुष्टि जरूरी
आगामी विवाह मुहूर्तों को ध्यान में रखते हुए वन स्टॉप सेंटर की टीम द्वारा जिले के मैरिज गार्डन एवं लॉन संचालकों से संपर्क कर उन्हें बाल विवाह रोकथाम के प्रति जागरूक किया जा रहा है। संचालकों को बताया जा रहा है कि वर्तमान कानून के अनुसार विवाह के लिए बालिका की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा बालक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है।
टीम ने संचालकों से अपील की है कि विवाह समारोह की बुकिंग करते समय वर-वधू की आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच अवश्य करें। किसी भी स्थिति में निर्धारित आयु से कम उम्र के बच्चों के विवाह आयोजन में सहयोग न करें। विवाह आयोजन से जुड़े व्यवसायियों की सजगता बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
बाल विवाह की जानकारी मिले तो इन नंबरों पर दें सूचना
प्रशासन एवं वन स्टॉप सेंटर की टीम ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल संबंधित विभाग, पुलिस अथवा हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें। इसके लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 तथा आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों के साथ-साथ मैरिज गार्डन, लॉन संचालकों और विवाह आयोजनों से जुड़े सभी लोगों से बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य केवल बाल विवाह की घटनाओं को रोकना ही नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित भविष्य, शिक्षा, अधिकार और सम्मान की रक्षा करते हुए जिले को बाल विवाह मुक्त बनाना है।