लोकायुक्त की कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में कार्रवाई, लिफाफे में रखकर कूलर के नीचे छिपाई रिश्वत की रकम; केमिकल टेस्ट में आरोपी के हाथ भी रंगे
Chhindwara, 03 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- सरकारी विभागों में लंबित भुगतान और अपनी ही जमा राशि वापस पाने के लिए लोगों को किस तरह परेशानियों का सामना करना पड़ता है, इसका एक मामला छिंदवाड़ा में सामने आया है। कलेक्ट्रेट स्थित आदिवासी विकास विभाग में मंगलवार को लोकायुक्त पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए कर्मचारी ललित अहिरवार को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोप है कि कर्मचारी ने शिकायतकर्ता की टेंडर प्रक्रिया में जमा 28 हजार रुपये की ईएमडी (अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट) वापस दिलाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
लोकायुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान आरोपी ने रिश्वत की रकम लिफाफे में रखकर कूलर के नीचे छिपा दी। टीम ने तलाशी के दौरान लिफाफा बरामद कर लिया। केमिकल परीक्षण में आरोपी के हाथों पर भी रंग आने की बात सामने आई। कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
28 हजार की अपनी जमा राशि के लिए मांगे 4 हजार
शिकायतकर्ता सौरभ मिश्रा के मुताबिक, नवेगांव में छात्रावास की बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया था। इस टेंडर प्रक्रिया में कुल 52 टेंडर शामिल थे, जिनमें से 24 टेंडर पिछले छह महीनों के दौरान निरस्त किए गए थे। इसी प्रक्रिया के तहत उनकी 28 हजार रुपये की ईएमडी राशि वापस होनी थी।
आरोप है कि विभाग में पदस्थ कर्मचारी ललित अहिरवार ने यह राशि वापस दिलाने के बदले 4 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। अपनी जमा राशि प्राप्त करने के लिए परेशान हो रहे शिकायतकर्ता ने आखिरकार लोकायुक्त पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
डेढ़ माह से भुगतान के लिए चक्कर लगाने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ माह से उन्हें ईएमडी की राशि वापस पाने के लिए परेशान होना पड़ रहा था। लगभग एक महीने पहले भी इस संबंध में बातचीत हुई थी, लेकिन राशि वापस नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने लोकायुक्त से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई और मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित आदिवासी विकास विभाग में दबिश देकर कर्मचारी को कथित रिश्वत राशि लेते हुए पकड़ लिया। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार और आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट में मधुमक्खियों का हमला, 9 लोग घायल
इसी दिन कलेक्ट्रेट परिसर में एक दूसरी घटना भी सामने आई। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों से अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां निकल आईं और परिसर में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
इस घटना में तीन मीडियाकर्मियों सहित जनसुनवाई में शिकायत लेकर पहुंचे छह लोगों को मधुमक्खियों ने काट लिया। अचानक हुए हमले से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।