छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले को मिली बड़ी सौगात, भवनों के साथ कैमरे, फर्नीचर और स्मार्ट बोर्ड के लिए भी स्वीकृति
Chhindwara, 24 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से दोनों जिलों में 93 स्कूल भवनों के निर्माण के लिए 33 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
लंबे समय से स्कूल भवनों की मांग कर रहे ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को इससे बड़ी राहत मिली है। नए भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
सांसद बंटी विवेक साहू को छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार स्कूल भवनों के निर्माण की मांग की जा रही थी।
ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता को देखते हुए सांसद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात कर इस विषय को प्रमुखता से उठाया।
इसके साथ ही उन्होंने पत्राचार के माध्यम से भी दोनों जिलों में स्कूल भवनों की स्वीकृति के लिए प्रयास किए।
सांसद की मांग और प्रयासों के बाद लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में 93 स्कूल भवनों के निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके लिए लगभग 33 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। अब जल्द ही दोनों जिलों में इन स्कूल भवनों का निर्माण प्रारंभ हो सकेगा।
स्कूल भवनों के साथ आधुनिक सुविधाओं पर भी जोर
इस स्वीकृति की खास बात यह है कि केवल स्कूल भवनों के निर्माण तक ही राशि सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में कैमरे, फर्नीचर एवं स्मार्ट बोर्ड के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है।
इससे विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के साथ आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी।
सांसद बंटी विवेक साहू ने इस उपलब्धि पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विशेष फोकस ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए बेहतर स्कूल भवनों का निर्माण हो या गांवों में आवागमन के लिए सड़कों का निर्माण, सरकार प्रत्येक क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब गांवों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदल रही है।
सांसद ने कहा कि छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे। अन्य विद्यालयों के भवन निर्माण की स्वीकृति दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि दोनों जिलों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।