ढोल-नगाड़ों के साथ निकली भगवान शालिग्राम की भव्य बारात, हल्दी, तेल, भांवर और विदाई की रस्मों ने बांधा समां
हर्रई जागीर यशो :- नगर के हृदय स्थल गांधी चौक स्थित पिंजड़ा वाले हनुमान मंदिर एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी तुलसी-शालिग्राम विवाह समारोह हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। शिवा महिला रामायण मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में राजमहल परिवार की श्रीमती रानी माधवी शाह की विशेष उपस्थिति रही। विवाह समारोह में नगर की सैकड़ों मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

विवाह समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार हल्दी, तेल, मायना सहित विवाह की विभिन्न रस्में विधि-विधान से संपन्न कराई गईं। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता तुलसी (वृंदा) एवं भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर भगवान शालिग्राम को दूल्हे के रूप में सजाकर ढोल-नगाड़ों और मधुर भजनों के साथ भव्य बारात निकाली गई। महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए बारात की अगवानी की तथा बारातियों का स्वागत-सत्कार किया। विवाह की रस्मों के दौरान माता तुलसी एवं भगवान शालिग्राम के चरण पखारकर पारंपरिक रीति से दहेज की सामग्री अर्पित की गई। महिलाओं ने बारी-बारी से विवाह की रस्मों में भाग लिया और मंगल गीतों से पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया।

भांवर की रस्म के पश्चात माता तुलसी की विदाई की गई। विदाई के मार्मिक गीतों ने उपस्थित महिलाओं को भावुक कर दिया और कई महिलाओं की आंखें नम हो गईं। पूरे आयोजन में भक्ति, परंपरा और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रानी माधवी शाह रहीं। राजमहल परिवार की ओर से प्रतिवर्ष इस प्रकार के धार्मिक आयोजन परंपरागत रूप से आयोजित किए जाते हैं। आयोजन में शिवा महिला रामायण मंडल की अध्यक्ष श्रीमती श्यामा बाई दुबे, उपाध्यक्ष श्रीमती उषा सोनी सहित शैल कुमारी गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता, हरिबाई चौरसिया, अनीता चौरसिया, किरण गुप्ता, किरण नेमा, शीला गुप्ता, प्रीति नेमा, मंजू चौरसिया, सुनीता ठाकुर, ग्यारसी बाई गुप्ता, वंदना गुप्ता, शकुन गुप्ता, पार्वती नेमा, निधि गुप्ता, बुलबुल चौरसिया सहित मंडल की अनेक सदस्य उपस्थित रहीं।
इसके अलावा रीना चौरसिया, इंद्रा गुप्ता, रीना साहू, अंजू सोनी, तारा सोनी, गोपी नेमा, आरती नेमा, सुषमा नेमा, विनीता नेमा, ज्योति नेमा, शांति साहू, संध्या गुप्ता एवं सुशीला गुप्ता सहित नगर की अनेक मातृशक्तियों और श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहभागिता की।
अंत में सभी श्रद्धालुओं को अल्पाहार एवं महाप्रसादी का वितरण किया गया। जयकारों और भजन-कीर्तन के बीच धार्मिक आयोजन का समापन हुआ।