अन्नपूर्णा महोत्सव और गुरु नानक प्रकाश पर्व में शामिल होकर की पूजा-अर्चना, सिख समाज की धार्मिक परंपराओं के प्रति व्यक्त किया सम्मान
Seoni, 24 November 2026
सिवनी यशो:- विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मंगलवार को सिवनी विधानसभा क्षेत्र एवं नगर में आयोजित धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर विभिन्न समाजों के बीच आस्था, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने सीलादेही स्थित मां वैष्णो देवी धाम में अन्नपूर्णा महोत्सव में शामिल होकर मां भगवती के दर्शन-पूजन किए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नवनिर्मित टीन शेड का लोकार्पण किया।

इसके पश्चात गुरुनानक वार्ड स्थित गुरुद्वारे पहुंचकर श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की और विधायक निधि से निर्मित होने वाले दशमेश द्वार का भूमिपूजन किया।
मां वैष्णो देवी धाम में टीन शेड का लोकार्पण
विधायक दिनेश राय मुनमुन सर्वप्रथम सीलादेही स्थित मां वैष्णो देवी धाम पहुंचे। यहां आयोजित अन्नपूर्णा महोत्सव में उन्होंने श्रद्धापूर्वक सहभागिता करते हुए मां भगवती के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आयोजित कन्या भोज में बालिकाओं को प्रसाद वितरित किया।

धाम परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नवनिर्मित टीन शेड का विधायक ने फीता काटकर लोकार्पण किया। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं को अन्नपूर्णा महोत्सव के सफल आयोजन की बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गुरुद्वारे में दशमेश द्वार का किया भूमिपूजन
मां वैष्णो देवी धाम में कार्यक्रम के पश्चात विधायक दिनेश राय मुनमुन सिवनी नगर के गुरुनानक वार्ड स्थित गुरुद्वारे पहुंचे। यहां श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्री गुरु सिंह सभा द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने गुरुग्रंथ साहिब के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक माथा टेका और अरदास में सहभागिता की।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन एवं सिख समाज के पदाधिकारियों ने विधायक का शाल, श्रीफल एवं अंगवस्त्र भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। विधायक ने सिख समाज की धार्मिक परंपराओं, आस्था और सामाजिक एकता के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विधायक निधि से निर्मित होने वाले दशमेश द्वार का भूमिपूजन रहा। विधायक दिनेश राय मुनमुन के करकमलों से विधि-विधानपूर्वक भूमिपूजन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, भाजपा जिला महामंत्री गजानन पंचेश्वर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के पदाधिकारी, सिख समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
दोनों धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने श्रद्धालुओं एवं समाजजनों को शुभकामनाएं दीं।