बिना नींव निर्माण और सूचना पटल नहीं लगाए जाने का आरोप, अधिकारियों के अलग-अलग जवाबों ने बढ़ाया संदेह; ग्रामीणों ने की तकनीकी जांच और कार्रवाई की मांग
Seoni, 24 November 2026
सिवनी / कुरई/चक्कीखमरिया यशो:- जनपद पंचायत कुरई अंतर्गत ग्राम पंचायत चक्कीखमरिया में करीब 25 लाख रुपये की लागत से कराए जा रहे पुलिया निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। काली माई रोड पर अधोसंरचना मद से स्वीकृत इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित तकनीकी मापदंडों की अनदेखी करते हुए बिना उचित नींव तैयार किए ही पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं निर्माण स्थल पर सूचना पटल नहीं लगाए जाने से भी ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों के अनुसार, किसी भी शासकीय निर्माण कार्य के दौरान सूचना पटल लगाया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को स्वीकृत राशि, निर्माण एजेंसी, कार्य की अवधि और तकनीकी जानकारी मिल सके। लेकिन चक्कीखमरिया में लाखों रुपये की लागत से बन रही पुलिया के स्थल पर सूचना पटल नहीं लगाया गया है। इससे निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पहले भी लग चुके हैं अनियमितताओं के आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत में पूर्व में भी शासकीय निर्माण कार्यों और सरकारी राशि के आहरण को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। पूर्व सचिव किशोर गोस्वामी के कार्यकाल में लाखों रुपये की शासकीय राशि निकाले जाने और कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। वहीं हाल ही में रोजगार सहायक पर एक ग्रामीण को फोन पर धमकाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई है।
इसके अलावा बंजारा मोहल्ला के रहवासी लंबे समय से नल-जल योजना, नाली निर्माण और बाजार जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर आवेदन देने के बावजूद अब तक अपेक्षित निराकरण नहीं हुआ है। लगातार बनी समस्याओं और निर्माण कार्यों को लेकर उठ रहे सवालों ने पंचायत व्यवस्था के प्रति ग्रामीणों की नाराजगी बढ़ा दी है।
अधिकारियों के अलग-अलग जवाबों से जिम्मेदारी पर सवाल
पुलिया निर्माण के संबंध में कुरई जनपद पंचायत के सब इंजीनियर अमित बरकड़े ने बताया कि अधोसंरचना मद से पुलिया निर्माण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं और निर्माण कार्य ग्राम पंचायत द्वारा कराया जा रहा है। दूसरी ओर पंचायत सचिव दिलीप यादव ने फोन रिसीव नहीं किया।
रोजगार सहायक ने बताया कि पुलिया निर्माण का कार्य ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। वहीं सहायक यंत्री राहुल रोकड़े ने बताया कि उनका स्थानांतरण छतरपुर हो चुका है और अब वे कुरई में पदस्थ नहीं हैं।
अधिकारियों और पंचायत अमले के इन अलग-अलग जवाबों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि निर्माण कार्य की वास्तविक जिम्मेदारी किसकी है और इसकी गुणवत्ता की निगरानी कौन कर रहा है?
ग्रामीणों ने की निष्पक्ष तकनीकी जांच की मांग
ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि काली माई रोड पर निर्माणाधीन पुलिया की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री, नींव, डिजाइन और निर्धारित मापदंडों की जांच के साथ स्वीकृत राशि एवं निर्माण एजेंसी की जानकारी सार्वजनिक की जाए।
यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार प्रमाणित होता है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सवालों पर जनपद और जिला प्रशासन कितनी गंभीरता दिखाता है तथा 25 लाख रुपये की लागत से बन रही पुलिया की गुणवत्ता की जांच कब तक कराई जाती है।