पीआईएल क्रमांक 19533/2019 पर हाईकोर्ट का निर्देश, फाइलें नहीं मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर की मांग; कार्रवाई नहीं हुई तो दायर होगी अवमानना याचिका
Seoni, 24 November 2026
सिवनी यशो:- सिवनी तहसील भाग-1 में वर्ष 2017-18 के दौरान राजस्व केस मैनेजमेंट सिस्टम (आरसीएमएस) में दर्ज 45 अवैध कॉलोनियों के प्रकरण एक बार फिर चर्चा में हैं। इन प्रकरणों में संबंधित कॉलोनाइजरों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने और अब मूल दस्तावेजों की फाइलें गायब होने की जानकारी सामने आने पर प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस मामले को लेकर याचिकाकर्ता द्वारा माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर में जनहित याचिका (पीआईएल) क्रमांक 19533/2019 दायर की गई थी। याचिकाकर्ता के अनुसार, वर्ष 2017-18 में सिवनी तहसील भाग-1 के अंतर्गत 45 अवैध कॉलोनियों के प्रकरण आरसीएमएस में दर्ज किए गए थे।
तत्कालीन एसडीएम सिवनी द्वारा इन प्रकरणों को कलेक्टर की वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया था। उस समय प्रेस नोट जारी कर संबंधित कॉलोनाइजरों के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन याचिकाकर्ता का आरोप है कि आज तक किसी भी संबंधित कॉलोनाइजर के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
हाईकोर्ट ने 90 दिनों में कार्रवाई पूरी करने के दिए निर्देश
याचिकाकर्ता ने बताया कि जनहित याचिका की सुनवाई के उपरांत 3 नवंबर 2026 को माननीय उच्च न्यायालय ने कलेक्टर, एसडीएम एवं तहसीलदार प्रशासन सिवनी को आदेशित किया है कि आदेश दिनांक से 90 दिनों के भीतर मामले में विधि अनुसार कार्रवाई पूर्ण की जाए।
लेकिन अब जानकारी सामने आ रही है कि राजस्व प्रशासन के पास इन सभी 45 राजस्व प्रकरणों की मूल दस्तावेजी फाइलें उपलब्ध नहीं हैं। यदि वास्तव में ये महत्वपूर्ण शासकीय अभिलेख गायब हैं, तो यह अपने आप में गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का मामला है।
सवाल यह है कि जिन प्रकरणों के आधार पर अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी थी, उनकी मूल फाइलें आखिर कहां गईं और इनके संरक्षण की जिम्मेदारी किस अधिकारी एवं कर्मचारी की थी?
आरटीआई में मिल चुके हैं दस्तावेज, फिर मूल फाइलें कहां गईं?
याचिकाकर्ता का कहना है कि वर्ष 2018-19 में उन्होंने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत तहसीलदार कार्यालय से उक्त अवैध कॉलोनियों से संबंधित प्रकरणों के दस्तावेज विधिवत प्राप्त किए थे। उस समय संबंधित दस्तावेज तत्कालीन लिपिक नीलेश चोखे के प्रभार में सुरक्षित थे।
ऐसे में यह सवाल और गंभीर हो जाता है कि जब इन प्रकरणों के दस्तावेज पूर्व में कार्यालय में उपलब्ध थे और आरटीआई के माध्यम से उनकी प्रतियां भी प्राप्त की जा चुकी थीं, तो अब मूल फाइलें उपलब्ध क्यों नहीं हो रही हैं?
फाइलें गायब हैं तो जिम्मेदारी तय कर एफआईआर दर्ज कराई जाए
याचिकाकर्ता ने मांग की है कि यदि 45 राजस्व प्रकरणों की मूल फाइलें नहीं मिल रही हैं तो सबसे पहले उनकी गुमशुदगी की निष्पक्ष जांच कराई जाए। संबंधित अभिलेखों के संरक्षण और संधारण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाए।
साथ ही उपलब्ध आरटीआई दस्तावेजों, आरसीएमएस रिकॉर्ड एवं अन्य अभिलेखों के आधार पर पुनः प्रकरण तैयार कर संबंधित कॉलोनाइजरों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि पहले संबंधित कॉलोनाइजरों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई और अब उच्च न्यायालय का आदेश आने के बाद मूल फाइलों के गायब होने की बात सामने आना संदेह पैदा करता है।
इससे संबंधित कॉलोनाइजरों को अनुचित लाभ पहुंचाने और कानूनी कार्रवाई से बचाने के प्रयास की आशंका भी उत्पन्न होती है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र जांच होना आवश्यक है।
90 दिन बाद अवमानना याचिका दायर करने की चेतावनी
याचिकाकर्ता ने कलेक्टर सिवनी से अपेक्षा की है कि उच्च न्यायालय के आदेश की समय-सीमा का गंभीरता से पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि 3 नवंबर 2026 के आदेश के अनुरूप निर्धारित 90 दिनों के भीतर कार्रवाई पूरी नहीं की जाती है, तो वे माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर में संबंधित राजस्व अधिकारियों के विरुद्ध अवमानना याचिका (कंटेम्प्ट पिटीशन) दायर करने के लिए विवश होंगे।
अब इस पूरे मामले में जिला प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। एक ओर 45 अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध वर्षों से लंबित कार्रवाई का सवाल है, तो दूसरी ओर महत्वपूर्ण राजस्व अभिलेखों के गायब होने की कथित जानकारी ने प्रशासनिक जवाबदेही को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
देखना होगा कि कलेक्टर सिवनी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और उच्च न्यायालय के आदेश का निर्धारित समय-सीमा में कितना पालन हो पाता है।