7 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निर्णयों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जताया आभार, किसानों, गोपालकों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाले फैसलों का किया स्वागत
भोपाल यशो :- मध्यप्रदेश मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश के विकास और जनकल्याण को लेकर लिए गए फैसलों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मंत्रि-परिषद के निर्णय प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण को नई गति देने वाले हैं। 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक के इन निर्णयों से किसानों, गोपालकों, ग्रामीण परिवारों और सहकारिता क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
शैलेन्द्र बरूआ ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, ग्रामीणों, पशुपालकों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। मंत्रि-परिषद के फैसलों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ बिजली, कृषि, सहकारिता और सांस्कृतिक अधोसंरचना को भी नई मजबूती मिलेगी।
गोपालकों को मिलेंगे पुरस्कार, देशी गौवंश का होगा संरक्षण
बरूआ ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को दोगुने से अधिक करने और मध्यप्रदेश को देश की 'मिल्क कैपिटल' बनाने के उद्देश्य से गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का अनुसमर्थन महत्वपूर्ण निर्णय है। इसके माध्यम से गिर, साहीवाल, थारपारकर और मालवी जैसी उन्नत देशी गौवंशीय नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहन मिलेगा।
योजना के तहत उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले गोपालकों को एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये तक के पुरस्कार दिए जाएंगे। इससे पशुपालकों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
नौ जिला सहकारी बैंकों को मिलेगी 325 करोड़ की सहायता
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के नौ कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता देने का निर्णय सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करेगा। इसमें रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी, जबलपुर, रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के जिला सहकारी बैंक शामिल हैं। इससे इन बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और किसानों तथा सहकारी संस्थाओं को बेहतर बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी।
1,834 बसाहटों के घरों तक पहुंचेगी बिजली
उन्होंने बताया कि प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 46,574 घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों के विद्युतीकरण के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे अब तक बिजली सुविधा से वंचित ग्रामीण परिवारों के घरों तक बिजली पहुंचेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सार्वजनिक संस्थानों को भी इसका लाभ मिलेगा।
ओंकारेश्वर का अद्वैत लोक बनेगा सांस्कृतिक पहचान
बरूआ ने कहा कि ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये की स्वीकृति मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को विश्व पटल पर स्थापित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को वर्ष 2030-31 तक जारी रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये तथा अनुदान योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निरंतरता बनी रहेगी और जरूरतमंद लोगों को सहायता मिलती रहेगी।
इसके अलावा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के निर्वाचन की अवधि एक वर्ष बढ़ाने के निर्णय को भी उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में समितियों के सुचारू संचालन और सहकारिता व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।
शैलेन्द्र बरूआ ने कहा कि मंत्रि-परिषद के ये निर्णय विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसान कल्याण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को एक साथ आगे बढ़ाने वाले हैं।