लक्ष्मी नारायण मंदिर से निकली देववृक्ष कलश यात्रा, दशहरा मैदान में 18 नवंबर तक प्रतिदिन बहेगी भक्ति की ज्ञानधारा
Chhindwara, 12 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- धर्म, आस्था और आध्यात्मिक चेतना के पावन वातावरण में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शेषराव यादव एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित माँ नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। शुभारंभ अवसर पर लक्ष्मी नारायण मंदिर से भव्य देववृक्ष कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
भक्ति और उल्लास से सराबोर कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पोला ग्राउंड (स्थानीय दशहरा मैदान) पहुंची। यहां विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माँ नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, सागर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, श्रीमती विजया यादव एवं विशेष यादव सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ माँ नर्मदा की आरती की गई। श्रद्धालुओं ने माँ नर्मदा के श्रीचरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
18 नवंबर तक प्रतिदिन होगी कथा
उल्लेखनीय है कि भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव एवं उनके परिवार के आयोजन में माँ नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ का आयोजन स्थानीय दशहरा मैदान में 18 नवंबर तक किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक कथा का आयोजन होगा।
आयोजक परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से कथा में सपरिवार शामिल होकर माँ नर्मदा की महिमा का श्रवण करने और आध्यात्मिक धर्मलाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
माँ नर्मदा से प्रार्थना की गई कि उनकी कृपा और आशीर्वाद समस्त क्षेत्रवासियों पर सदैव बना रहे तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का संचार हो।