डबल्स के विजेता को मिलेंगे 21 हजार और सिंगल्स के विजेता को 15 हजार रुपये, 19 नवंबर तक चलेगी प्रतियोगिता
Chhindwara, 12 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- खेल प्रेमियों के लिए शहर में एक रोमांचक आयोजन होने जा रहा है। एकता क्लब एवं युवा भारतीय क्लब के तत्वावधान में 16 से 19 नवंबर तक ओपन कैरम प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता स्थानीय इंदिरा प्रियदर्शिनी ग्राउंड स्थित टेबल टेनिस हॉल में संपन्न होगी। इसमें प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों के कैरम खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के अध्यक्ष सैय्यद शाहनवाज अली ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होकर देर रात्रि तक चलेगी। प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों की सहभागिता रहेगी। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की जा रही है, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डबल्स और सिंगल्स में आकर्षक पुरस्कार
प्रतियोगिता में डबल्स एवं सिंगल्स दोनों वर्गों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
डबल्स वर्ग में प्रथम पुरस्कार 21,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 11,000 रुपये एवं तृतीय पुरस्कार 3,100 रुपये रखा गया है। वहीं सिंगल्स वर्ग में प्रथम पुरस्कार 15,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 7,000 रुपये एवं तृतीय पुरस्कार 3,100 रुपये प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही सभी विजेताओं को शील्ड देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति ने कैरम खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।