5.34 लाख रुपये की राशि का हिसाब नहीं मिला, विभागीय जांच में गंभीर आरोप प्रमाणित होने पर नगर निगम आयुक्त ने जारी किया पदच्युति आदेश
Chhindwara, 23 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- नगर निगम में संपत्ति कर वसूली के दौरान वित्तीय अनियमितताओं और शासकीय व्यवस्था के दुरुपयोग का मामला सामने आने के बाद नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने सख्त कार्रवाई की है।
विभागीय जांच में गंभीर आरोप प्रमाणित पाए जाने पर संपत्ति कर वसूली काउंटर पर पदस्थ रोजगार सहायक श्रीमती प्रीति सूर्यवंशी को सेवा से पदच्युत (बर्खास्त) करने का आदेश जारी किया गया है। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत की गई है।
नगर निगम आयुक्त सीपी राय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, श्रीमती प्रीति सूर्यवंशी ने 1 अप्रैल 2025 से 17 सितंबर 2025 तक संपत्ति कर वसूली काउंटर पर उपभोक्ताओं से कर एवं शुल्क की राशि लेकर रसीदें जारी की थीं।
विभागीय जांच के दौरान एमआईएस रिपोर्ट और कैशियर की कैशबुक का मिलान किया गया, जिसमें 5 लाख 34 हजार 799 रुपये का अंतर सामने आया। यह राशि निर्धारित समय-सीमा में निकाय के कोष में जमा नहीं कराई गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि उक्त अंतर राशि में से 3 लाख 46 हजार रुपये प्रभारी अधिकारी को जानकारी दिए बिना सीधे निकाय के बैंक खाते में जमा किए गए। प्रशासन ने इस प्रक्रिया को गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए निकाय निधि के गबन अथवा उसके दुरुपयोग की मंशा से जुड़ा मामला माना।
प्रभारी की आईडी से किया काउंटर का संचालन
जांच प्रतिवेदन के अनुसार, संपत्ति कर वसूली काउंटर का संचालन प्रभारी राजस्व लिपिक की आईडी से किया जाता रहा, जबकि प्रतिदिन के लेन-देन का नियमित सत्यापन नहीं कराया गया। वसूली में सामने आई त्रुटियों और अनियमितताओं की सूचना भी वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई। इसके अलावा दुकान किराया वसूली शाखा की आईडी का भी उपयोग कर रसीदें जारी किए जाने की बात जांच में सामने आई।
नगर निगम प्रशासन ने विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद रोजगार सहायक के विरुद्ध सेवा से पदच्युति की कार्रवाई की है।