उक्ताशय की बात नगर पालिका में भाजपा पार्षद दल के नेता प्रतिपक्ष ज्ञानचंद सनोडिया द्वारा कही गई उन्होंने कहा कि, प्रदेश सरकार और सिवनी विधायक की मदद का आशय यह नहीं है कि, नगर पालिका प्रदेश सरकार और विधायक जी के सहयोग का उपयोग अपने निजी स्वार्थ हेतु कानूनी प्रक्रियाओं को ताक पर रखकर पूरा करें। यह दु:खद है कि नगर पालिका अध्यक्ष सफीक खान एवं उनकी परिषद द्वारा अपनी भ्रष्ट आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन के नगरीय विकास के संकल्पों और भावनाओं को आहत किया जा रहा है।श्री सनोडिया ने कहा कि, प्रदेश शासन द्वारा स्वीकृत राशि और विधायक जी द्वारा दी गई अपनी निजी निधि का सदुपयोग करने के बजाय कांग्रेस अध्यक्ष सफीक खान की परिषद ने जिस तरह की कारगुजारियों को अंजाम देने के लिए कानूनी प्रक्रियाओं को ताकपर रखने का कार्य किया है उसकी वजह से अनेकों विकास कार्य अधूरे पड़े हैं। दल सागर तालाब के सौंदरीकरण की योजना का लटका रहना इसका जीवंत प्रमाण है। कांग्रेसी परिषद अपने इस कृत्य को छुपाने के लिए अब भाजपा पार्षदों पर आरोप लगाकर उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की कहावत ही चरितार्थ कर रही है ।