बीमार पति को ठीक करने का झांसा देकर पहले लिए 5 हजार रुपये, फिर महिला को किया असहाय; पुलिस ने कार सहित लूट का माल किया बरामद
Chhindwara, 12 November 2026
छिंदवाड़ा / सौंसर यशो:- साधु-बाबा का भेष धारण कर महिलाओं और ग्रामीणों को झांसे में लेकर ठगी एवं लूट की वारदात करने वाले गिरोह पर पांढुर्णा पुलिस ने शिकंजा कसते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला को उसके पति की बीमारी ठीक करने का झांसा दिया और उसके सिर, माथे एवं चेहरे पर कथित तौर पर पाउडरनुमा पदार्थ लगाकर असहाय कर दिया। इसके बाद उसका सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा और उनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की है।
बीमार पति को ठीक करने का झांसा देकर की वारदात
पुलिस के अनुसार, उंटेकांटा निवासी संतोष गुर्वे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह करीब 10 बजे कुछ व्यक्ति साधु-बाबा के भेष में उसके घर के सामने पहुंचे और आवाज लगाकर उसे बाहर बुलाया। आरोपियों ने उसके पति की बीमारी ठीक करने का झांसा देकर पहले 5 हजार रुपये ले लिए।
कुछ समय बाद दो अन्य व्यक्ति भी बाबा के भेष में वहां पहुंचे। आरोपियों ने महिला को अपने पास बैठाकर उसके हाथ देखे और सिर, माथे तथा चेहरे पर कोई पाउडरनुमा पदार्थ लगा दिया। इसके कुछ ही देर बाद महिला की आवाज बंद हो गई और वह असहाय हो गई। इसी दौरान एक आरोपी ने महिला का सोने का मंगलसूत्र अपने हाथ में लेकर दांत से काटा और छीन लिया। इसके बाद सभी आरोपी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
होश आने पर महिला ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि गांव के कुछ अन्य लोगों को भी इसी तरह झांसे में लेकर आरोपियों ने रुपये लिए थे।
छिंदवाड़ा से सावनेर की ओर भाग रहे आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद एवं एसडीओपी सौसर श्रीमती प्रियंका पाण्डेय के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी वारदात के बाद छिंदवाड़ा की ओर भागे हैं और खुटामा के पास रास्ता बदलकर ग्रामीण मार्ग से सावनेर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और घेराबंदी शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद रेमंड चौक के पास आरोपियों की कार को रोक लिया गया।
कार में सवार सभी छह आरोपियों को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया। उनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र और नकदी राशि बरामद की गई। वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है। पुलिस आरोपियों से गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रवि गिरि (33), निवासी मोदहा, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश); रामकेश गिरि (45), विकास गोस्वामी (25), बब्लू उर्फ श्याम सखा (52) एवं गोरख प्रसाद (34), सभी निवासी जिला सतना शामिल हैं। इनके साथ 17 वर्षीय एक किशोर को भी अभिरक्षा में लिया गया है, जो कार चालक बताया गया है। किशोर की पहचान गोपनीय रखी जा रही है।
इस मामले में थाना सौंसर में अपराध क्रमांक 529/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 123 एवं 310(2) में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।