शराब की री-पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के स्रोत खंगाले, मुख्यमंत्री के निर्देश पर तेज हुई जांच
Chhindwara, 12 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- अवैध और नकली शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग ने अब उन ठिकानों की भी पड़ताल शुरू कर दी है, जहां से नकली शराब बनाने और उसकी री-पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जुटाई जा सकती है। इसी कड़ी में छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में आबकारी विभाग की टीम ने कबाड़ दुकानों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों की सघन जांच की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के परिपालन में यह कार्रवाई की गई। सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के निर्देशानुसार विभागीय टीमों ने कबाड़ दुकानों सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच कर नकली शराब के निर्माण एवं री-पैकेजिंग में उपयोग की जा सकने वाली सामग्री के संभावित स्रोतों की पड़ताल की।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब कारोबार से जुड़े संभावित नेटवर्क तक पहुंचना और नकली शराब के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की उपलब्धता पर अंकुश लगाना है। विभाग द्वारा जांच अभियान के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।