मरार माली समाज का जिला स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान समारोह 2 नवम्बर को
90 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले छात्रों को मिलेगा महात्मा ज्योतिबा फुले एवं माता सावित्रीबाई फुले पुरस्कार
Seoni 30 October 2025
सिवनी यशो:- मरार माली महासभा के तत्वावधान में आगामी 2 नवम्बर (रविवार) को समाज का जिला स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन सिवनी जिला मुख्यालय स्थित राशि लॉन में संपन्न होगा।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
इन प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को समाज की ओर से “महात्मा ज्योतिबा फुले” एवं “माता सावित्रीबाई फुले” पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
सम्मेलन में शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विमर्श
इस आशय की जानकारी मरार माली महासभा के प्रदेश महासचिव गजानंद पंचेश्वर ने होटल बाहुबली सिवनी में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर समाज में शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक गौरव की स्थापना और संगठन के विस्तार जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा।
प्रमुख अतिथि और विशिष्ट अतिथि
समारोह में मरार माली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामकिशोर कांवरे मुख्य अतिथि होंगे।
कार्यक्रम में सिवनी विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन, बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश सिंह, एवं गजानंद पंचेश्वर (प्रदेश महासचिव) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समाज में शिक्षा और मातृशक्ति पर जोर
श्री पंचेश्वर ने कहा कि समाज का उद्देश्य है कि मरार माली समाज शिक्षा, व्यापार और राजनीति के क्षेत्र में अपनी सम्मानजनक उपस्थिति दर्ज कराए तथा देश के विकास में योगदान दे।
उन्होंने कहा कि समाज की मातृशक्ति में शिक्षा की वह प्रगति अभी नहीं हुई है जिसकी कल्पना माता सावित्रीबाई फुले ने की थी,
इस दिशा में संगठन निरंतर कार्य कर रहा है।
पत्रकार वार्ता में उपस्थित पदाधिकारी
पत्रकार वार्ता में महेश मात्रे (जिला अध्यक्ष),
प्रकाश कावरे (जिला महामंत्री),
सोमूलाल पंचेश्वर (प्रदेश सदस्य),
राधलाल पंचेश्वर (प्रदेश सदस्य),
नंदकिशोर पंचेश्वर (प्रदेश उपाध्यक्ष),
संतोष पंचेश्वर,
राहुल सैनी,
त्रिभिंद पंचेश्वर (युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



