एक लाख कुओं में जीवन का संचार: मप्र में डगवेल रिचार्ज यूनिट से जल संरक्षण की अनूठी पहल
सिवनी की देवरीटीका से शुरू हुई मिसाल अब प्रदेशव्यापी अभियान बनी
Bhopal/Seoni/Balaghat 24 June 2025
सिवनी यशो:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “ज्ञान अभियान” को जमीन पर उतारते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने जल संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मनरेगा योजना से राज्य के 1 लाख से अधिक कुओं को रिचार्ज करने का महाअभियान जारी है। इस प्रयास का उद्देश्य है – वर्षा जल को संरक्षित कर भूजल स्तर को पुनर्जीवित करना और कृषकों को सिंचाई व पीने के पानी की पर्याप्त सुविधा देना।
देवरीटीका बनी प्रेरणा: पहली डगवेल रिचार्ज यूनिट से शुरू हुई राज्यव्यापी लहर
सिवनी जिले की ग्राम पंचायत देवरीटीका में सचिव के.के. साहू ने अप्रैल माह में मोक्षधाम परिसर में प्रदेश की पहली डगवेल रिचार्ज यूनिट तैयार कर एक मिसाल पेश की। मात्र 22,000 की लागत से मनरेगा के तहत बनाई गई इस यूनिट के प्रभावी परिणामों के बाद इसे राज्य स्तर पर मॉडल के रूप में मान्यता मिली। 17 अप्रैल 2025 को कार्य पूर्ण होते ही तकनीकी अधिकारियों ने इसकी सराहना की और राज्य रोजगार गारंटी आयुक्त ने सभी जिलों को इसी मॉडल पर काम करने के निर्देश दिए।
प्रदेशभर में 1 लाख 3 हजार कुओं के रिचार्ज का लक्ष्य
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 30 जून तक 1,03,000 डगवेल रिचार्ज यूनिट के निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें से 98,641 कुओं में कार्य पूर्ण हो चुका है। इस प्रक्रिया पर अब तक 262.72 करोड़ खर्च किए गए हैं।
कैसे काम करती है डगवेल रिचार्ज यूनिट?
कुएं से 3–6 मीटर दूरी पर 3&3 मीटर का गड्ढा, 8 मीटर गहराई तक खोदा जाता है।
इसमें पत्थर और मोटी रेत की परतें बिछाई जाती हैं।
8 इंच की पाइप लाइन के ज़रिए पानी कुएं तक पहुँचता है।
एल्बो और शुद्धिकरण पाइप जोड़कर वर्षा जल धीरे-धीरे ज़मीन में रिसता है, जिससे भू-जल स्तर में सुधार होता है।
चारों ओर ईंट की बाउंड्री और ढलान बनाकर पानी को सोखने की अनुकूल व्यवस्था की जाती है।
खेतों से गांव तक – जल क्रांति का विस्तार
प्रदेश के 52 जिलों में यह अभियान तेज़ी से चल रहा है। सिवनी, बालाघाट, खंडवा जैसे जिलों में हजारों यूनिट पूर्ण हो चुकी हैं। किसान भी जागरूक हो रहे हैं और खुद अपने कुओं के पास रिचार्ज पिट बनवाने में भागीदारी निभा रहे हैं।
ग्राम पंचायत देवरीटीका के सचिव के.के. साहू ने बताया—
“प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत देवरीटीका के मोक्षधाम परिसर में निर्मल नीर कूप पर डगवेल रिचार्ज पिट का निर्माण कराया गया। योजना के निर्देशों में स्थानीय परिस्थितियों अनुसार थोड़ा सुधार किया गया, जिससे बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आए। इस प्रयास को देखकर अन्य पंचायतों ने भी इस मॉडल को अपनाया और उसमें नवाचार जोड़े।”
30 जून तक चलेगा अभियान
30 मार्च से प्रारंभ हुआ जल गंगा संवर्धन अभियान 30 जून 2025 तक चलेगा। इस दौरान न केवल डगवेल रिचार्ज पिट, बल्कि अमृत सरोवर, खेत-तालाब, चैक डैम, कुओं की मरम्मत जैसे कार्य भी पूरे प्रदेश में जारी हैं।
निष्कषर्:
देवरीटीका से उठी एक छोटी सी लहर, अब पूरे मध्यप्रदेश में जल जागरूकता की बड़ी बाढ़ बन गई है। मनरेगा के माध्यम से रोजगार, संरक्षण और भविष्य का समृद्ध संयोजन हो रहा है।





