तीन-चार बार फंसाने की कोशिश का दावा, कथित वसूली और पुलिस-अवैध कारोबारियों के गठजोड़ पर विधायक ने उठाए गंभीर सवाल।
एसपी की नाक के नीचे कथित वसूली तंत्र कैसे फलता-फूलता रहा? जांच की आंच पुलिस अधीक्षक तक क्यों नहीं पहुंचे? होटलों से 50 हजार रुपए महीने की वसूली, सटोरियों की अधिकारियों तक पहुंच और पुलिस-ब्लैकमेलर गठजोड़ पर विधायक ने उठाए गंभीर सवाल
सिवनी यशो :- होटल गांजा कांड ने सिवनी पुलिस की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है। होटल में ठहरे एक कपल को कथित तौर पर गांजा रखकर फंसाने की कोशिश का वीडियो सामने आने और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के निलंबन के बाद अब सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन के एक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को दिए गए बयान ने जिले की कानून व्यवस्था पर बहस छेड़ दी है। विधायक के सवाल केवल कुछ पुलिसकर्मियों की कथित करतूतों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्होंने पुलिस के भीतर कथित वसूली तंत्र, अधिकारियों और अवैध कारोबारियों की नजदीकी, बिचौलियों की भूमिका तथा पूरे पुलिस तंत्र की जवाबदेही पर सवाल खड़े किए हैं।
विधायक के इस बयान को जिले की मौजूदा कानून व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर एक गंभीर राजनीतिक और सार्वजनिक सवाल के रूप में देखा जा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि पुलिस अधीक्षक की निगरानी में जिले का पुलिस तंत्र संचालित होता है, तो फिर कथित वसूली और अवैध गतिविधियों का नेटवर्क किसके संरक्षण में फलता-फूलता रहा? क्या जांच केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित रहेगी या इसकी आंच वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंचेगी?
एसपी की नाक के नीचे कथित वसूली का खेल, जवाबदेही किसकी?
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि उन्हें ऐसी शिकायतें और जानकारियां मिली हैं कि जिले में जुआ-सट्टा संचालित करने वाले कुछ लोगों की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों और बंगलों तक पहुंच है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में वे पहले भी वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं।
सवाल यह है कि जिन लोगों के संबंध अवैध गतिविधियों से जुड़े होने की शिकायतें सामने आती रही हैं, वे वरिष्ठ अधिकारियों तक कैसे पहुंच बना रहे हैं? क्या इन मुलाकातों की जानकारी पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों को नहीं है? यदि शिकायतें पहले से दी जा रही थीं तो उन पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
तीन-चार बार फंसाने की कोशिश का विधायक का दावा
विधायक ने बातचीत में अपने खिलाफ भी कथित साजिश का खुलासा किया। उन्होंने दावा किया कि तीन-चार बार महिलाओं के माध्यम से उन्हें फंसाने की कोशिश की गई। उनके अनुसार, गलत गतिविधियों और देह व्यापार से जुड़ी महिलाओं को उनके कार्यालय तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। विधायक ने इसे अपने खिलाफ रची गई कथित साजिश बताते हुए पूरे मामले की गंभीरता से जांच की आवश्यकता जताई।
सात पुलिसकर्मियों पर निलंबन, लेकिन क्या केवल इतनी ही है कहानी?
होटल गांजा कांड के वायरल वीडियो का उल्लेख करते हुए विधायक ने स्पष्ट किया कि इस मामले में छह नहीं, बल्कि सात पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इनमें दो टीआई, एक एडिशनल एसपी, एक एसडीओपी, एक हेड कांस्टेबल और दो अन्य कर्मचारी शामिल बताए गए।
उन्होंने इस घटना को जिले के लिए पीड़ादायक बताते हुए कहा कि जनता पुलिस से सुरक्षा और न्याय की उम्मीद करती है, लेकिन जब पुलिस पर ही लोगों को झूठे मामलों में फंसाने के आरोप लगते हैं तो आम जनता का भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने यह आशंका भी जताई कि जो घटनाएं कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हो पाईं, उनमें भी लोगों को फंसाने अथवा उनसे वसूली किए जाने की संभावना की जांच होनी चाहिए।
होटलों से 50 हजार रुपए महीने की कथित वसूली, बिचौलियों का नेटवर्क!
विधायक ने होटल संचालकों से कथित तौर पर 50 हजार रुपए प्रतिमाह वसूली के लिए दबाव बनाए जाने की शिकायतों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में होटल, लॉज और अन्य प्रतिष्ठानों से पुलिसकर्मियों द्वारा अवैध राशि लेने की पुष्टि होती है तो यह बेहद गंभीर मामला होगा।
उन्होंने कथित वसूली में बिचौलियों की भूमिका होने की बात भी उठाई। ऐसे में सवाल यह है कि क्या सिवनी में पुलिस की वर्दी की आड़ में कोई समानांतर वसूली तंत्र काम कर रहा है? यदि ऐसा है तो उसके पीछे कौन लोग हैं और इस पूरे नेटवर्क को किसका संरक्षण प्राप्त है? इन सवालों का जवाब निष्पक्ष जांच से ही सामने आ सकता है।
पत्रकारिता की आड़ में कथित ब्लैकमेलिंग और पुलिस गठजोड़ पर भी प्रहार
विधायक ने कुछ कथित ब्लैकमेलरों की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पत्रकारिता की आड़ में पुलिस और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के बीच लेनदेन कराने जैसी गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने ऐसे लोगों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ ऐसे प्रकाशन भी हैं जिनके अखबार न छपते हैं और न वितरित होते हैं, लेकिन उनसे जुड़े लोग कथित तौर पर इन गतिविधियों में सक्रिय हैं।
विधायक ने जिले में पूर्व में सामने आए गौकशी प्रकरण का जिक्र करते हुए लगभग 60 से 65 गौवंश के शव मिलने की बात कही। उन्होंने इस मामले में कुछ लोगों और एक पत्रकार की कथित भूमिका का उल्लेख किया तथा दावा किया कि उस प्रकरण के बाद एसपी और कलेक्टर को हटाया गया था।
इसी तरह लगभग तीन करोड़ रुपए के कथित हवाला कांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कुछ पुलिस अधिकारियों और यूट्यूब पत्रकारों की भूमिका को लेकर सामने आई चर्चाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की।
देह व्यापार, जुआ-सट्टा और कैसिनो जैसी गतिविधियों पर सवाल
विधायक ने कुछ होटलों और लॉज में कथित देह व्यापार संचालित होने तथा एक से डेढ़ घंटे के लिए कमरे उपलब्ध कराए जाने जैसी शिकायतों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिले में शराब, रेत, गौकशी, जुआ और सट्टा माफिया जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगना चाहिए।
उनका सवाल साफ था कि पुलिस का काम अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करना है, न कि ऐसी गतिविधियों के आरोपों से स्वयं विवादों में घिरना। यदि पुलिस की कार्यप्रणाली ही सवालों के घेरे में आ जाए तो आम नागरिक न्याय और सुरक्षा के लिए किस पर भरोसा करेगा?
एसपी से लेकर छोटे कर्मचारी तक तय हो जवाबदेही
पुलिस अधीक्षक की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के संज्ञान में पूरा मामला है और डीआईजी राकेश सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी इसकी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, चाहे वह वरिष्ठ अधिकारी हो या कनिष्ठ कर्मचारी, उसके विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
विधायक का यह बयान पुलिस महकमे के लिए एक सीधी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। अब सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि जांच की सीमा कहां तक तय होगी? क्या कार्रवाई केवल निलंबित पुलिसकर्मियों तक सीमित रहेगी या कथित वसूली, बिचौलियों, अवैध कारोबारियों और अधिकारियों के बीच संभावित गठजोड़ की भी पड़ताल होगी?
होटल गांजा कांड ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर पहले ही गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब विधायक के सार्वजनिक बयान ने उन सवालों को और व्यापक बना दिया है। जिले की जनता को केवल निलंबन की कार्रवाई नहीं, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय होने का इंतजार है। आखिर कानून के रखवाले ही सवालों के घेरे में हों तो कानून व्यवस्था पर भरोसा कैसे कायम रहेगा?