जिला अस्पताल के ऑफिस में शराब पीते मिला कर्मचारी
अस्पताल प्रबंधन का नहीं भय, प्रमाण पत्र के भटक रहे लोगों ने दी जानकारी, वीडियो देने के बाद सिविल सर्जन ने नहीं की कार्रवाई
Chhindwara 08 April 2025
छिंदवाड़ा यशो:- जिला चिकित्सालय में आए कर्मचारियों द्वारा कार्यालय में शराब पीने को लेकर शिकायत हो रही हैं लेकिन अस्पताल प्रबंधन के द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किये जाने के चलते कर्मचारियों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं । ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसमें अस्पताल के आफिसर में ही कर्मचारी शराब के नशे में धुत था और जिसके चलते प्रमाण बनवाने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार शराब के नशे में धुत कर्मचारी का वीडियो अस्पताल प्रबंधन को भी भेज दिया गया है लेकिन सिविल सर्जन ने अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की है। सिविल सर्जन श्री गौन्नाडे का कहना है कि कर्मचारी को नोटिस दिया गया है, और जांच कर कार्रवाई करेंगे। मामला सोमवार के दोपहर 2 बजे का है। जिला चिकित्सालय में मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए लोग भटक रहे हैं।
जब रिपोर्टर ऑफिस में बैठे कम्प्यूटर ऑपरेटर ए.के. पाल के पास पहुंचे तो वे शराब के नशे में धुत पाए गए। उनके पास ही पानी की बॉटल और शराब की निब रखी हुई थी। जब उनसे पूछा गया कि ऑफिस में लोगों के काम करने के बजाए आप शराब पी रहे हैं तो उन्होने पहले तो इससे इंकार किया लेकिन बाद में मामला बिगड़ते देख वे वीडियो बना रहे रिपोर्टर पर भड़क गए और शराब नहीं पीने का बहाना बनाने लगे लेकिन शराब के नशे में धुत कर्मचारी न तो ठीक से पेन चला पा रहे थे और न ही कम्प्यूटर में उनका हाथ चल रहा था ।
खुलेआम दिन में शराब पी रहे कर्मचारी को किसी का भय नहीं है। पास ही प्रमाण पत्र लेने के खड़े एक व्यक्ति ने कहा कि ये कर्मचारी नशे में धुत हैं और प्रमाण पत्र के लिए 2 घंटे से इधर उधर भटका रहे हैं। यह पहला मामला नहीं है कि कम्प्यूटर ऑपरेटर शराब के नशे में काम करता मिला इसके पहले भी अस्पताल में शराबखोरी चलती रही है लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने कोई कार्रवाई नहीं की। देखना है कि इस मामले में सिविल सर्जन को वीडियो भेजने के बाद वे क्या कार्रवाई करते हैं।


