Seoni 27 August 2025
सिवनी यशो:- सिवनी बरघाट विकासखंड मुख्यालय से बालाघाट मार्ग पर ग्राम कोड़िया घीसी में मंगलवार देर रात एक डीजल टेंकर और ढाबे के कमरे में लगी भीषण आग ने विकराल रूप ले लिया।
इस हादसे में ढाबा के पास रहने वाला 30 वर्षीय युवक पंकज राहंगडाले जिंदा जल गया,
जबकि टेंकर चालक अरविंद परिहार (45 वर्ष, निवासी बरगी जबलपुर) और उसका साथी राहुल पटले (30 वर्ष, निवासी कोड़िया) गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसा कैसे हुआ?
बरघाट पुलिस के अनुसार रात करीब 10:30 बजे संतोष सोनी के ढाबे के पास डीजल से भरा टेंकर खड़ा था।
चालक ढाबे में खाना खाने गया था। इसी दौरान पंकज और राहुल मोटर पंप लगाकर टेंकर से डीजल निकाल रहे थे।
अचानक मोटर पंप में शॉर्ट-सर्किट हुआ और चिंगारी से टेंकर में आग लग गई।
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और ढाबे के पीछे बने कमरे को भी अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़े :- बरघाट: कोड़ियां ग्राम में खड़े डीजल टैंकर में आग, लाखों का नुकसान
अफरा-तफरी और जाम
आग और धमाके की आवाज से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद बालाघाट मार्ग पर लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
कड़ी मशक्कत के बाद काबू
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुँची।
कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक पंकज की जलकर मौत हो चुकी थी।
झुलसे हुए राहुल और अरविंद को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीजल चोरी का खेल और ढाबों की हकीकत
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के अधिकांश ढाबों पर रात के समय ट्रक-टैंकर –
और भारी वाहनों के चालक भोजन करने रुकते हैं।
इसी दौरान कई ढाबों पर चोरी-छुपे डीजल, पेट्रोल, शराब और अन्य सामग्री ट्रकों से उतारकर बेची जाती है।
कई ढाबों में स्वयं चोरी की घटनाएँ भी होती हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह सब कार्य ट्रक चालकों और ढाबा संचालकों की मिलीभगत से लंबे समय से जारी है।
इतना ही नहीं, क्षेत्रीय थानों की पुलिस भी इन गतिविधियों से भली-भांति परिचित है,
लेकिन प्रभावी कार्रवाई के अभाव में यह अवैध कारोबार लगातार फल-फूल रहा है।




One Comment