बकरा चोर पुलिस के हत्थे चढ़े, 13 बकरों की चोरी का हुआ खुलासा
उमरिया और जबलपुर से 3 आरोपी गिरफ्तार, चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त
सिवनी यशो :- जिले के छपारा थाना क्षेत्र में 13 बकरों की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरजिला पशु चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी किए गए बकरों को जबलपुर ले जाकर काटकर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में थाना छपारा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
29 जुलाई की रात हुई थी वारदात
फरियादी याकूब मोहम्मद निवासी गोरखपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोर उसके घर से 13 बकरे चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना छपारा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से मिले सुराग
थाना प्रभारी निरीक्षक खेमेन्द्र कुमार जैतवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और साइबर सेल की सहायता से पुलिस ने आरोपियों का पता लगाया।
उमरिया और जबलपुर से दबिश देकर पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने उमरिया जिले के मानपुर क्षेत्र से श्यालम खान तथा जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र से मुन्ना कुरैशी और बाबर कुरैशी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (MP54ZA 9987), जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये है, जब्त की गई।
पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चोरी किए गए 13 बकरों को जबलपुर ले जाकर अपने घर पर काटा और उनका मांस बेच दिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
श्यालम खान (31 वर्ष), निवासी बरबसपुर, थाना मानपुर, जिला उमरिया।
मुन्ना पिता अब्दुल सलाम कुरैशी, निवासी रामपुर, थाना गोरखपुर, जिला जबलपुर।
बाबर कुरैशी (32 वर्ष), निवासी रामपुर मस्जिद के पास, आजाद चौक, थाना गोरखपुर, जिला जबलपुर।
इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक खेमेन्द्र कुमार जैतवार, उप निरीक्षक सुक्कूलाल उइके, एएसआई प्रेमनारायण सूर्यवंशी, साइबर सेल प्रभारी देवेन्द्र जायसवाल, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र कवरेती, आरक्षक अजय बघेल एवं सूरज गिरारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



