मध्यप्रदेशराजनीतिव्यापार

किसानों को राहत वाला सरकार का बड़ा एलान : एम एस पी पर मूंग उड़द की होगी खरीदी

19 जून से मूंग-उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए पंजीयन शुरू, सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान

Bhopal 13 June 2025

भोपाल यशो:- मध्यप्रदेश के किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। राज्य सरकार ने मूंग और उड़द की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी की प्रक्रिया को लेकर अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य में 19 जून से मूंग और उड़द के उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लिया गया है और इसके लिए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री की केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा भी हो चुकी है।

किसानों को हो रहा था घाटा

राज्य में मूंग की खेती लगभग 12 लाख हेक्टेयर में की जाती है, जिसमें नर्मदापुरम संभाग और करीब दो दर्जन जिले प्रमुख हैं। इस वर्ष बाजार में मूंग की कीमतें गिरकर 5,000 से 5,500 रुपये प्रति क्विंटल रह गई थीं, जबकि केंद्र सरकार ने इसका समर्थन मूल्य 8,768 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। इससे किसानों को प्रति क्विंटल लगभग 3,000 रुपये का घाटा हो रहा था।

किसानों का कहना है कि प्रति एकड़ उत्पादन लागत 7,000 से 8,000 रुपये तक आती है, लेकिन बाजार मूल्य इतनी लागत भी नहीं निकाल पा रहा। पिछले वर्ष मूंग 8,000 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक बिकी थी, जिससे इस बार के घाटे की स्थिति और स्पष्ट हो गई।

आंदोलन के दबाव में सरकार

मूंग-उड़द की सरकारी खरीदी शुरू न होने से नाराज किसान संगठनों ने तहसील स्तर पर प्रदर्शन किए और सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया।

किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र खरीदी शुरू नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा।

वहीं, राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ‘कक्काजी’ ने भी एमएसपी पर खरीदी की माँग करते हुए तीन दिन बाद प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी थी।

सरकार का आश्वासन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “मध्यप्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि के लिए लगातार कार्य कर रही है। एम एस पी पर उपार्जन की प्रक्रिया से किसानों को उचित मूल्य मिल सकेगा।”

पंजीयन की प्रक्रिया 19 जून से प्रारंभ होगी, खरीदी की तिथि और केंद्रों की संख्या जल्द घोषित की जाएगी।

किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपना सम्बंधित दस्तावेज और भू-अधिकार पत्र तैयार रखें।

किसानों की मांगों और बढ़ते जनदबाव के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह फैसला किसानों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में सामने आया है। अब निगाहें खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता और शीघ्र क्रियान्वयन पर रहेंगी।

मुख्य मंत्री डां. मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर कहा है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मध्यप्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंग और उड़द के उपार्जन के लिए 19 जून से पंजीयन प्रारम्भ होगा। इस संबंध में मेरी माननीय केंद्रीय कृषि मंत्री श्री @ChouhanShivraj

जी से चर्चा हुई है। उपार्जन के लिए राज्य की ओर से केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। https://x.com/DrMohanYadav51/status/19335322658725

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!