आज निकलेगी भव्य कलश यात्रा, 18 अगस्त से 24 अगस्त तक होगी संगीतमय शिव महापुराण कथा
मठ मंदिर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी कलश यात्रा, बारापत्थर स्थित राशि लॉन में होगा कथा का आयोजन
सिवनी शिव महापुराण कथा – आज भव्य कलश यात्रा, 18 से 24 अगस्त तक होगी शिव महापुराण कथा
Seoni 18 August 2026
सिवनी यशो :- पावन श्रावण मास के अवसर पर सिवनी विधानसभा क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ की भक्ति से ओतप्रोत भव्य एवं दिव्य संगीतमय शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन के आयोजन में होने वाली इस कथा का वाचन सांवरे सरकार गौ पीठाधीश्वर परम पूज्य महंत श्री विपिन बिहारी दास जी महाराज के पावन सानिध्य एवं मुखारविंद से किया जाएगा।
शिव महापुराण कथा का आयोजन 18 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक बारापत्थर स्थित राशि लॉन में होगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और आयोजकों द्वारा अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया गया है।
आज निकलेगी भव्य कलश यात्रा
कथा के शुभारंभ अवसर पर 18 अगस्त को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा दोपहर 12 बजे प्राचीन मठ मंदिर सिवनी से प्रारंभ होगी। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल राशि लॉन पहुंचेगी।
कलश यात्रा मठ मंदिर से प्रारंभ होकर ढीमरी मोहल्ला, दुर्गा चौक, गिरजाकुंड, नेहरू रोड, शुक्रवारी, छोटा मिशन चौक एवं गणेश चौक, बड़ा मिशन स्कूल के सामने से होते हुए बारापत्थर स्थित कथा स्थल पहुंचेगी।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने नगर की माताओं-बहनों सहित सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कलश यात्रा में सहभागिता करने का आग्रह किया है।
सात दिनों तक गूंजेगी शिव महापुराण की कथा
18 से 24 अगस्त तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में महंत श्री विपिन बिहारी दास जी महाराज द्वारा श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, शिव पुराण के विभिन्न प्रसंगों तथा सनातन धर्म से जुड़े आध्यात्मिक एवं धार्मिक विषयों का श्रवण कराया जाएगा। संगीतमय कथा के माध्यम से श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में सराबोर होंगे।
कथा के बाद होगा महाआरती एवं प्रसाद वितरण
आयोजन में प्रतिदिन कथा के साथ धार्मिक कार्यक्रम होंगे। कथा के समापन अवसर पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से पूरे परिवार के साथ कथा स्थल पहुंचकर शिव महापुराण कथा का श्रवण करने और पुण्यलाभ अर्जित करने की अपील की है।
श्रावण मास में आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर नगर में उत्साह का वातावरण है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें
घंसौर के मां काली मंदिर में हर्षोल्लास से मनाया हरियाली तीज महोत्सव
नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश का दबदबा, छह नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारियां



