सिवनी
चार अधिवक्ताओं की प्रेरणादायी पहल, अनाथ बच्चों को देंगे नया आसरा
प्रीतम डहेरिया, सुबोध सोनी, संदीप डहेरिया और संजुल सोनी की प्रेरणादायक पहल
Seoni 19 May 2025
सिवनी यशो:- सिवनी जिले में समाज सेवा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुडऩे जा रहा है। ज़रूरतमंद और बेसहारा बच्चों के जीवन में उजाला भरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। “मानव समर्पित सेवा समिति” के तत्वावधान में जल्द ही एक आधुनिक और सुसज्जित अनाथ आश्रम की स्थापना होने जा रही है। इस पहल के सूत्रधार हैं अधिवक्ता प्रीतम डहेरिया, सुबोध सोनी, संदीप डहेरिया और संजुल सोनी, जिनकी यह सामूहिक सोच समाज में करुणा, सेवा और उत्तरदायित्व की मिसाल बन रही है।
स्थान और विवरण
यह आश्रम सिवनी जिले की केवलारी तहसील के ग्राम चीतापत्थर, पोस्ट – ढुटेरा, में स्थापित किया जा रहा है। यह कार्य मानव समर्पित सेवा समिति”किया जा रहा है जिसका सोसायटी रजिस्ट्रेशन क्रमांक है: 04/18/04/24576/25।
ट्रस्टी अधिवक्ता प्रीतम डहेरिया,अध्यक्ष संदीप डहेरिया, मुख्य सहयोगी अधिवक्ता सुबोध सोनी व अधिवक्ता संजुल सोनी इस परियोजना के नेतृत्व में हैं।
एक घर, एक दिशा, एक जीवन
यह आश्रम उन बच्चों के लिए एक नया घर बनेगा, जो जीवन की शुरुआत में ही अपने अभिभावकों के साए से वंचित हो गए हैं। इस संस्थान में बच्चों के रहने और खाने की व्यवस्था के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार, मानसिक स्वास्थ्य, करियर मार्गदर्शन और संपूर्ण व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उद्देश्य सिर्फ सहारा देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
प्रीतम डहेरिया ने कहा,
“हमारा सपना है कि कोई भी बच्चा समाज से कटकर न रहे। यह आश्रम न केवल उन्हें छत देगा, बल्कि अपनेपन की वो भावना भी, जो हर बच्चे का अधिकार है। हम चाहते हैं कि ये बच्चे भविष्य में समाज के लिए उदाहरण बनें।”
सहयोगियों की भूमिका भी अहम
अध्यक्ष संदीप डहेरिया, अधि सुबोध सोनी और अधि संजुल सोनी ने इस कार्य को “सेवा का संकल्प” बताते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं और सामाजिक संगठनों का इसमें भरपूर समर्थन मिल रहा है। इस सहभागिता ने इस प्रयास को एक जन-आंदोलन का रूप दे दिया है।
सिवनी की समाजिक चेतना को नया संबल
इस अनूठी पहल से सिवनी शहर में उत्साह और गौरव का माहौल है। आम नागरिकों से लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं तक, हर कोई इस सराहनीय कदम का स्वागत कर रहा है। आश्रम के उद्घाटन को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। यह आश्रम न केवल एक शरणस्थल होगा, बल्कि उम्मीदों का केंद्र भी, जो नन्हें जीवनों को नई उड़ान देगा।



