एक सप्ताह बाद पहुँचे जाँच अधिकारी, सरपंच – सचिव की मनमानी से मछुआ समिति को लाखो का नुकसान
तालाब खाली करने से लाखो की मछलियाँ मरी, शिकायत पर जाँच दल पहुँचा
सहकारी समिति ने तालाब में पाली थी मछलियाँ, ग्राम पंचायत ने फोड़ दिया तालाब
Seoni 03 June 2025
सिवनी यशो :- केवलारी जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत डुंगरिया के सरपंच सचिव ऐसी मनमानी है कि उनकी द्वेष पूर्ण कार्यवाही से कई परिवारों के समक्ष रोजी रोटी का संकट तो खड़ा हो ही गया है सिवनी जिला कलेक्टर के आदेश का भी खुला उल्लघंन करते हुये जल स्रोत का पानी बहा दिया गया है । ग्राम पंचायत के तालाब में सांसद निधि से स्वीकृत 25 लाख रूपये की राशि से ग्राम पंचायत को तालाब में घाट निर्माण कराना है उस निर्माण कार्य के लिये तालाब को खाली करने की जिद में ग्राम पंचायत ने तालाब को फोड़ दिया जबकि यह तालाब निषादराज मछुआ सहकारी समिति देवघाट मझगंवा को दस वर्ष की लीज पर मछली पालन के लिये दिया गया है । तालाब खाली करने से समिति द्वारा पाली गयी मछलियाँ कुछ बह गयी और कुछ पानी के आभाव में मर गयी । इस आशय का समाचार पिछले दिनों प्रकाशित किया गया था । समाचार और सहकारी समिति की शिकायत पर जनपद पंचायत केवलारी एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी जाँच करने ग्राम पंचायत डुंगरिया पहुँचे थे और उन्होंने वास्तविकता की जाँच की है, जाँच में पहुँचे अधिकारी संबंधित अधिकारी को जाँच रिपोर्ट सौंपेंगे ।
यहाँ स्पष्ट कर दें कि निषादराज मछुआ सहकारी समिति को जिला कलेक्टर सिवनी द्वारा समिति को मछली पालन के लिये दिनांक 09 जुलाई 2018 को ग्राम पंचायत डुंगरिया की अनुशंसा पर डुंगरिया मरघट का तालाब दस वर्ष के लिये लीज पर दिया गया है इस तालाब में समिति ने साठ हजार रूपये का इस वर्ष बीज जेवनारा मत्स्य प्रक्षेत्र से खरीद कर डाला था । जिससे अनुमान है कि तालाब में छ: सात लाख रूपये की मछलियाँ निकलती ।
समिति ने लीज प्रावधानों के अनुसार तालाब में मछलियाँ पाली थी परंतु ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव ने समिति को बिना सूचना दिये 25 मई को तालाब को फोड़ दिया और तालाब में निर्माण कार्य कराया जाना प्रस्तावित किया है । इसे समिति की पली हुई मछलियाँ बड़ी मात्रा में बह गयी और पानी के आभाव में बड़ी मात्रा में मर गयी ।
समिति ने संबंधित अधिकारियों से इस बात की शिकायत करते हुये परिवारो पर संकट उत्पन्न होने की बात कहीं और न्याय की गुहार लगायी थी । जिस पर केवलारी जनपद पंचायत ने पंचायत इंस्पेक्टर के माध्यम से एवं मत्स्य विभाग ने मत्स्य विभाग के विकासखंड स्तरीय मत्स्य निरीक्षक से जाँच करायी है । संबंधित जाँच अधिकारी जाँच प्रतिवेदन देंगे उसके पश्चात कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी ।
इनका कहना
जाँच दल भेजा गया है जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने पर कार्यवाही की जायेगी ।
के एल मरावी
सहायक संचालक मत्स्य विभाग सिवनी
जाँच में जो भी तथ्य सामने आये है वह प्रतिवेदन के साथ अधिकारी को स्पष्ट किये जायेंगे मौका स्थल एवं संबंधित पक्षो से चर्चा की गयी है ।
रजनीश कुशराम मत्स्य निरीक्षक बरघाट



