क्राइमदेश विदेशधर्ममध्यप्रदेश
जैन साधुओं के साथ शर्मनाक घटना से क्षुब्ध जैन समाज
देख तेरे संसार की हालत, क्या हो गई भगवान ! कितना बदल गया इंसान
सत्य अहिंसा शांति एवं करूणा के प्रहरी कहे जाने वाले जैन साधुओं पर बरसाए गए डंडे,लात और घूँसे
Seoni 18 April 2025
सिवनी यशो :- पूरे विश्व को भगवान ऋषभ देव से लेकर भगवान महावीर तक 24 तीर्थंकरों के सत्य अहिंसा शांति एवं करूणा के सूत्रों से जन जन को संदेश देने वाले जैन धर्म के साधु वृंदो के साथ विगत दिनों हुई अमानवीयता अति निंदनीय है। उक्त विचार भाजपा के पूर्व विधायक नरेश दिवाकर ने व्यक्त किए। जैन श्वेतांबर श्री संघ सिवनी की ओर से संजय मालू ने कहा कि चलते फिरते धरती के देवता हमारे जैन धर्म के प्राण पूज्य मुनि श्री शैलेंद्र जी महाराज साब ससंघ नीमच जिले में पद बिहार रत थे। रात्रि विश्राम के दौरान उनके साथ हुई अमानवीयता समझ से परे है जबकि करुणा एवं अहिंसा धर्म के आदर्श जैन संत एक चींटी की भी रक्षा के भाव ले चार हाथ आगे की भूमि का अवलोकन कर चलते है। तारण तरण जैन समाज की ओर से पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुजीत जैन ने इसे गुरू वादी संस्कृति को मानने वाली गुरू भक्त समाज के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म के प्राण साधु संत गुरू भगवंत ही होते है। श्री धरम चंद जी भूरा ने विगत दिवस हुए धर्म गुरुओं के साथ हुए अन्याय पूर्ण अशोभनीय कुकृत्यों से जैन समाज क्षुब्धता जाहिर की। जबकि हिमांशु कौशल ने दोषियों को कठोरतम दंड देकर मानवीयता के दुश्मनों को सबक सिखाने की मांग की। पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुदर्शन बाझल ने उग्र आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा कि पूर्व में भी अनेको बार हमारे साधु साध्वी धर्म गुरुओं पर अनेक आपदाएं आई मुनियों की हत्या जैसे नृशंसता भरे अपराध भी सामने आए गुरूओ की सुरक्षा हेतु शासन प्रशासन से न्याय अपेक्षित है ।
सिवनी दिगंबर जैन समाज अध्यक्ष पवन दिवाकर ने कहा कि जैन संतों पर हुए जान लेवा हमलों के विरुद्ध जैन समाज सहित समग्र गुरू परायण जन समुदाय क्षुब्ध व व्यथित है। सकल जैन समाज की और से अनिल नायक, अभय कुमार जैन, जय कुमार एड. अभय जैन एड. नरेंद्र गोयल, यशोधर दिवाकर,पंडित संतोष जैन, प्रवीण मालू,अनिल नाहटा,प्रदीप सेठ,अतुल मालू, सुरेंद्र जैन,मिलन बाझल,प्रसन्न मालू,प्रभात सेठ,पीयूष जैन,आनंद जैन,सुनील नाहर, वचन नाहटा,संजय नायक,प्रशांत जैन,सुनील सेठ, विपनेश जैन, अभय जैन करेली,अजित जैन जापानी,मनोज बाझल, पंकज जैन एड.प्रफुल्ल बंटी,आलोक जैन, संजय लोढ़ा,सुनील मालू,सुजीत नाहटा, वचन नाहटा,डॉ. अपूर्व जैन, पारस जैन,जिनेश बागड़,सुशील कौशल,शेलेंद्र चौधरी, विशाल बाझल,सचिन जैन,नीरज फ्रीजो,अतुल दिवाकर,चंदन जैन, दीपक पान,मोनी बाझल आदि ने उक्त घटना की भर्त्सना करते हुए शासन प्रशासन से जैन मुनि संघों के पद बिहार में विशेष प्रबंधन हेतु आवाज उठाई है
उक्त घटना क्रम में पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से मुजरिमों की गिरफ्तारी हेतु उनकी कर्तव्यों के प्रति निष्ठा,श्रम एवं ईमानदारी की भूरि भूरि प्रशंसा की है।
*क्या थी घटना*
यह अमानवीयता विगत 13 14 तारीख की दरमियानी रात मध्यप्रदेश के नीमच जिले से संबंधित है। उल्लेखनीय है कि सिंगोली से नीमच की और पद बिहाररत जैन श्वेतांबर संघ के तीन मुनि गण क्रमश: पूज्य शैलेंद्र मुनि जी, बलभद्र मुनि जी एवं मुनीन्द्र मुनि जी सूर्यास्त के पश्चात मार्ग में कछाला ग्राम में रात्रि विश्राम हेतु गांव में ही स्थापित श्री बालाजी हनुमान मंदिर में ठहर गए। रात्रि 12 बजे 6 असामाजिक तत्व बाइक पर सवार होकर वहां आए पहले उन्होंने वहां शराब का सेवन किया फिर नशे में धुत्त हो कर उन्होंने वहां शयन करते जैन साधुओं को नींद से जगाकर रूपए पैसों की बलात मांग की चूंकि जैन मुनि अपने पास रुपया पैसा नही रखते तो उन्होंने उन लोगो को शांति से मना कर दिया।
अंत में जब कुछ हाथ ना आया तो उन वहशियों ने नशे में ही तीनों मुनियों को पास ही रखे डंडों ,लातों एवं घूसों से निर्दयता पूर्वक मारा पीटा। किसी भी प्रकार का प्रतिकार ना करते हुए किसी तरह उनमें से एक मुनि बचते बचाते मदद की आस से रोड की ओर निकले और एक बाइक सवार को रोक उसे सारी घटना बता जैन भाईयो को फोन पर घटना का संदेश देने को कहा स्थिति देख उसने अपने परिचित जैन भाईयो को फोन लगा घटना की सारी जानकारी दी।
कुछ ही देर में कुछ जैन समाज के लोग गांव वालोऔर पुलिस के साथ वहां पहुंच गए। एकत्रित भीड़ को देख अपराधी वहां से भागे किंतु दो को भीड़ ने तुरंत ही पकड़ लिया शेष चार को भी कुछ ही देर में पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले ली। घायल अवस्था में भी मुनि गणों ने अपने पद की मर्यादा के अनुरूप हॉस्पिटिलाइज्ड होकर रात में किसी भी प्रकार की दवाई लेने से मना कर दिया। जबकि एक मुनिराज के सर पर गंभीर चोटें आई है । समाज वाले उन्हे पास ही जैन स्थानक ले गए। समाचार प्राप्त होते ही जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा देर रात में ही मुनिगण के पास पहुंच गए।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पूज्य मुनि भगवंतो के साथ घटित घटना को दुखद बताते हुए दोषियों पर अबिलंब कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश जारी कर दिया गया है।
आरोपियों का जुलूस निकाला
सिंघोली पुलिस द्वारा चित्तौड़ राजस्थान के गणपत राजू नायक, गोपाल भजनलाल,कन्हैया बंशीलाल,,राजू भगवानदास, बाबू मोहन शर्मा एवं एक नाबालिग को गिरफ्तार कर इन आरोपियों का अपार जन समुदाय के मध्य जुलूस निकाला गया। घटना के विरोध में सिंगोली बंद रहा भीड़ इन्हे फांसी देने की मांग के साथ नारे लगा रही थी।




