छिंदवाड़ामध्यप्रदेशराजनीति

मप्र में मेट्रो की नींव मेरे कार्यकाल में रखी गई: कमलनाथ

भाजपा कर रही देश की सेना का अपमान
प्रदेश की राजधानी भोपाल में ही सर्वाधिक महिला सम्बंधित अपराध घटित हो रहे
कमलनाथ व नकुलनाथ का हुआ छिन्दवाड़ा आगमन, नेताओं ने गर्मजोशी से किया स्वागत

Chhindwara 31 May 2025
छिंदवाड़ा यशो:- मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ का छिन्दवाड़ा आगमन हुआ। विशेष वायुयान से ईमलीखेड़ा हवाई पट्?टी पहुंचे नेताद्वय का कांग्रेस जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं व आमजन ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पुष्प गुच्छ व पुष्पहार भेंट कर वरिष्ठ नेताओं ने उनकी आगवानी की।

जबलपुर में आयोजित जय हिन्द सभा को सम्बोधित करने के उपरांत छिन्दवाड़ा ईमलीखेड़ा हवाई पट्टी पहुंचे कमलनाथ एवं नकुलनाथ ने बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से भेंट की। इस दौरान उपस्थित मीडियाकर्मियों ने प्रश्न किया कि भारतीय सेना को लेकर भाजपा के द्वारा लगातार अनर्गल बयानबाजी की जा रही है। प्रत्युत्तर में कमलनाथ ने कहा कि यह सेना का अपमान है।

आज भोपाल में मेट्रो का उद्घाटन हो रहा है। मुझे अच्छी तरह याद है जब मप्र के मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर थे, मैंने उन्हें दिल्ली बुलाया और कहा कि मप्र में मेट्रो नहीं है यह शर्मनाक बात है, तो उन्होंने कहा कि हमारे पास पैसा नहीं है। मैंने प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा जिसके पश्चात उन्होंने बताया कि इसके लिए 17 करोड़ रुपए लगेंगे। अपने केन्द्रीय मंत्रित्व कार्यकाल में राशि उपलब्ध कराई। जब मैं मप्र का मुख्यमंत्री बना तब मेट्रो की प्रोजेक्ट रिपोर्ट बन चुकी थी और मैंने मेट्रो का शिलान्यास किया। आज भोपाल में उसी मेट्रो का उद्घाटन किया जा रहा है, यह भाजपा की श्रेय लेने की राजनीति है। यही नहीं कमलनाथ ने यूपीए एक व दो में मप्र को अनेकों इंड्रस्ट्रीयल प्रोजेक्ट दिए हैं। मप्र आधारभूत संरचना विकास के लिए अरबों रुपयों की मदद की है।

राजधानी में सर्वाधिक महिला सम्बंधित अपराध

मप्र की राजधानी भोपाल में आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम को लेकर किए गए सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि महिला सम्बंधित अपराध तो सबसे अधिक राजधानी में ही घटित हो रहे हैं। सम्पूर्ण मप्र अपराध व भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुका है। सर्वप्रथम आवश्यक यह है कि महिलाओं से सम्बंधित अपराधों की रोकथाम के लिए ठोस व कारगर कदम उठाए जाएं ताकि महिलाएं, बहन व बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि वे निर्भिक होकर अपने कार्य कर सकें।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button