केवलारी छींदा सड़क निर्माणSeoni 27 February 2026सिवनी/ केवलारी यशो:- केवलारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बंदेली टोला (डोभ) से छींदा तक लगभग 16 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क के पुनर्निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में पड़ी इस सड़क के कारण आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।यह मार्ग केवलारी क्षेत्र को छींदा के माध्यम से मंडला एवं जबलपुर जिलों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही थीं, वहीं बरसात के मौसम में जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन लगभग बाधित हो जाता था।केवलारी के विधायक रजनीश हरवंश सिंह द्वारा इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए लोक निर्माण विभाग को पत्र प्रेषित किया गया था। विधायक के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप लोक निर्माण विभाग के मंत्री माननीय राकेश सिंह ने सड़क के नवीन निर्माण हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।सड़क निर्माण की स्वीकृति से क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के बन जाने से न केवल सुरक्षित और सुगम आवागमन संभव होगा, बल्कि केवलारी विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।क्षेत्र की जनता ने इस महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्य के लिए विधायक रजनीश हरवंश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।