जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई ने बनाया जननायक, जिला कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई जयंती
Seoni, 15 November 2026
सिवनी यशो :- ब्रिटिश हुकूमत के शोषण और अन्याय के विरुद्ध आदिवासी समाज को संगठित कर संघर्ष का बिगुल फूंकने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। 15 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात उपस्थित कांग्रेसजनों ने पुष्प अर्पित कर इस महान क्रांतिकारी को नमन किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन और ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंग्रेजों और स्थानीय जमींदारों द्वारा आदिवासियों की पारंपरिक भूमि पर कब्जा किया जा रहा था। आदिवासियों के अधिकारों का हनन और उनके शोषण की इस व्यवस्था को बिरसा मुंडा ने अन्याय मानते हुए इसके विरुद्ध निर्णायक संघर्ष छेड़ा। वर्ष 1895 में उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उलगुलान अर्थात महान विद्रोह का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज में स्वाभिमान, स्वतंत्रता और अपने अधिकारों के प्रति चेतना जागृत की। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समाज के पारंपरिक अधिकारों की रक्षा का भी आंदोलन था। उनके नेतृत्व में आदिवासियों ने ब्रिटिश शासन और जमींदारी व्यवस्था के विरुद्ध संगठित प्रतिरोध किया, जिससे अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिलने लगी।
नरेश मरावी ने कहा कि अंग्रेजी शासन ने बिरसा मुंडा के बढ़ते प्रभाव से घबराकर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए भारी इनाम घोषित किया था। अंततः उन्हें चक्रधरपुर के जामकोई जंगल में गिरफ्तार कर लिया गया। मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में रांची जेल में रहस्यमय परिस्थितियों में उनका निधन हो गया। उनका जीवन और बलिदान आज भी अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का नाम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। आदिवासी समाज के अधिकारों, अस्मिता और सम्मान के लिए उनके द्वारा किया गया संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। इसी महान योगदान के सम्मान में प्रतिवर्ष 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है।
इनकी रही उपस्थिति
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मोहनसिंह चंदेल, सुरेन्द्र करोसिया, अशोक नर्वेती, विष्णु करोसिया, मोहनसिंह ठाकुर, ध्रुवनारायण चौधरी, विनोद यादव, राजिक अकील, शिव सनोडिया, महेश श्रीवास्तव, शुभम डहेरिया, नब्बू भाई, राजेन्द्र कंगाली, सतेन्द्र बघेल, मंगलू मर्सकोले एवं शनिराम काकोडिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।