भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस का देशव्यापी आयोजन, 30 हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
डही में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया राज्य स्तरीय समारोह का शुभारंभ, धार और आलीराजपुर के 126 गांवों को मिलेगी नर्मदा जल से सिंचाई की सुविधा
BHOPAL 16 November 2026
भोपाल/धार यशो:- भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को देशभर में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का नक्सलवाद और माओवादी गतिविधियों के दंश से मुक्त होना देश की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आज भारत अपने इतिहास, गौरवशाली विरासत और जनजातीय जननायकों के बलिदान को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देशभर में 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2021 से प्रारंभ हुआ राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस अब राष्ट्रीय उत्सव का स्वरूप ले चुका है। जनजातीय समाज के वीर नायकों के संघर्ष और बलिदान को देश के सामने लाने के लिए सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में सरकार के प्रयासों से 50 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। वहीं 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद और माओवादी गतिविधियों से पूर्णतः मुक्त करने की उपलब्धि हासिल हुई है। ये उपलब्धियां देश के विकास और जनकल्याण के लिए नई ऊर्जा प्रदान करती हैं।
डही में 1570 करोड़ के 115 विकास कार्यों की सौगात
मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय समारोह धार जिले के डही में आयोजित किया गया। इसमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। समारोह में धार जिले को 1570 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 115 विकास कार्यों की सौगात दी गई। इनमें 1402 करोड़ रुपये के आठ विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 168.56 करोड़ रुपये के 107 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
इस अवसर पर डही माइक्रो सिंचाई उद्वहन परियोजना का लोकार्पण समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। लगभग 1353.18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के माध्यम से धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों की लगभग 47 हजार हेक्टेयर भूमि को नर्मदा जल से सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इससे करीब एक लाख किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।
जनजातीय नायकों का इतिहास देश की राष्ट्रीय चेतना का हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा में जनजातीय समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। छोटा नागपुर का कोल आंदोलन, संथाल क्रांति, क्रांतिसूर्य टंट्या भील, रानी गाइदेलियो, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी दुर्गावती जैसे महान व्यक्तित्वों ने देश को संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा दी। भगवान बिरसा मुंडा का अल्पायु में किया गया महान आंदोलन आज भी करोड़ों भारतीयों को प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि पहले अनेक कार्यक्रम विदेशी दृष्टिकोण से प्रेरित होकर आयोजित होते थे, लेकिन आज देश अपनी विरासत और राष्ट्रीय गौरव को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहा है। जनजातीय महानायकों के बलिदान और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना राष्ट्रीय चेतना में आए सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।
जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए एक लाख करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। गरीब परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक आवास बनाए गए हैं तथा उन 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई गई है, जहां आजादी के बाद भी बिजली नहीं पहुंची थी।
आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। देशभर में एक लाख 75 हजार से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। मुद्रा योजना के माध्यम से बिना गारंटी ऋण देकर गरीबों और जनजातीय समाज के लोगों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के कारण सबसे अधिक नुकसान जनजातीय समाज को उठाना पड़ा। अब नक्सलवाद से मुक्ति मिलने के बाद जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार और विकास के नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
जनजातीय समाज का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने उलगुलान अर्थात महाविद्रोह के माध्यम से जल, जंगल, जमीन और मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया और अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रदेश में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री जनमन अभियान के माध्यम से जनजातीय बहुल क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2671 छात्रावासों के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 1.40 लाख विद्यार्थियों को आवासीय शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनजातीय विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा, विदेश अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर भी दिए जा रहे हैं। युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार से जोड़ने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सिंचाई परियोजना से किसानों की बदलेगी तस्वीर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डही माइक्रो सिंचाई उद्वहन परियोजना मालवांचल के धार और आलीराजपुर जिलों के किसानों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। मां नर्मदा का जल मिलने से क्षेत्र में सिंचाई का विस्तार होगा और किसानों को एक से अधिक फसल लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर धार जिले को पीएम मित्र पार्क की सौगात मिली है। इससे छह लाख से अधिक कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए तीन लाख से अधिक रोजगार के अवसर विकसित होने की संभावना है।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इन योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतार रही है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा धार जिले के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने डही सिंचाई परियोजना को क्षेत्र के किसानों के लिए जीवनरेखा बताते हुए कहा कि इससे सिंचाई सुविधा बढ़ेगी और पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए तथा क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। बाग प्रिंट उत्पादन एवं ब्रिक्स सम्मेलन में सहभागिता करने वाली श्यामि बाई डोडवे को सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश राज्य आजीविका मिशन के अंतर्गत 91 स्व-सहायता समूहों को कुल 5.30 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया।
स्वामित्व योजना के तहत ग्राम उम्मेदपुरा के कैलाश को रजिस्ट्री प्रदान की गई। ग्राम देवदा के भेरूसिंग दयाला को चना बीज मिनी किट दी गई। बाल हृदय उपचार योजना के अंतर्गत अरोसी को 90 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुसुम को लाभान्वित किया गया। इसके साथ ही वृंदावन ग्राम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया।
जनजातीय संस्कृति की झलक के साथ मुख्यमंत्री का रोड शो
समारोह से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डही बस स्टैंड से पुलिस ग्राउंड स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल तक भव्य रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और जनजातीय समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे जनजातीय कलाकारों ने लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दीं। ढोल-मांदल की गूंज और जनसमुदाय के उत्साह ने पूरे क्षेत्र को जनजातीय गौरव के उत्सव में बदल दिया।
कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक मीना वर्मा, कालूसिंह ठाकुर, जयदीप पटेल, रंजना बघेल, सरदार मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के नागरिक उपस्थित रहे।
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आयोजित यह समारोह जनजातीय समाज के संघर्ष, स्वाभिमान और गौरवशाली इतिहास को नमन करने के साथ विकास की नई संभावनाओं का संदेश लेकर आया। सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों के माध्यम से जनजातीय अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प भी इस आयोजन में प्रमुखता से सामने आया।