जबलपुर में पांच संभागों के सेवा दूतों एवं विधानसभा समन्वयकों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित, 25 दिन संगठन को समर्पित करेंगे कार्यकर्ता
1313 मंडलों और 71 हजार बूथों तक पहुंचेगा अभियान, सेवा कार्य, संगठन विस्तार और जनसंवाद पर रहेगा जोर
जबलपुर यशो :- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने शुक्रवार को जबलपुर संभागीय कार्यालय में आयोजित सेवा दूत अभियान की प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित किया। कार्यशाला में जबलपुर, सागर, रीवा, छिंदवाड़ा एवं शहडोल संभाग के सेवा दूतों और विधानसभा समन्वयकों ने सहभागिता की।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार समर्पित कार्यकर्ता और समाज के प्रति उसकी सेवा भावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रारंभ किया गया सेवा दूत अभियान उनके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। इस अभियान के तहत आगामी 25 दिनों में कार्यकर्ता विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक प्रगति की नई यात्रा शुरू की। भारत पांचवें और फिर चौथे स्थान तक पहुंचा है तथा दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

सेवा, संगठन विस्तार और बूथों को सक्रिय करना अभियान का लक्ष्य
खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता की पहचान पद से नहीं, बल्कि उसकी सेवा भावना से होती है। सेवा दूत अभियान के चार प्रमुख उद्देश्य हैं- सेवा कार्य, संगठन विस्तार, सकारात्मक नैरेटिव निर्माण और निष्क्रिय बूथों को सक्रिय करना। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच पहुंचकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का तथ्यों के आधार पर जवाब देना है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 1313 मंडलों और लगभग 71 हजार बूथों तक अभियान का संदेश पहुंचाया जाएगा। सेवा दूत औसतन प्रत्येक मंडल में पांच दिन प्रवास करेंगे। इस दौरान आयुष्मान भारत, सिकल सेल उन्मूलन, टीबी मुक्त भारत, नशामुक्ति, स्वच्छता और दिव्यांगजनों के सम्मान जैसे अभियानों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। सेवा दूत पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग करेंगे।

जनता से आत्मीय संवाद कर समस्याओं के समाधान में सहभागी बनें सेवा दूत : चंद्रशेखर
प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि सेवा दूत अभियान केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को समझकर जनभागीदारी के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास है। सेवा दूत अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान आमजन से आत्मीय संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं और सुझावों को समझें तथा स्थानीय स्तर पर उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करें।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का विचार था कि जैसा देश बनाना है, वैसा दल बनाना होगा और जैसा दल बनाना है, वैसे कार्यकर्ता तैयार करने होंगे। भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि देश को विकसित और पुनः विश्वगुरु बनाने के संकल्प को पूरा करना है। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में परिवारवाद, जातिवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया, जबकि भाजपा विचार और कार्यकर्ता आधारित संगठन के रूप में आगे बढ़ी है।
चंद्रशेखर ने कहा कि सेवा दूतों को गरीब कल्याण एवं जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों के साथ मंडल और बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है। नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, पौधारोपण, शिक्षा, स्वास्थ्य शिविर और युवा संवाद जैसी गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ना है। जनता के बीच पहुंचकर समाज को विभाजित करने वाले प्रयासों और भ्रामक नैरेटिव का तथ्यों के आधार पर जवाब देना भी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
कार्यशाला में प्रस्तुत की गई अभियान की कार्ययोजना
कार्यशाला में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ ने पीपीटी के माध्यम से सेवा दूत अभियान की कार्ययोजना एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन मेला एवं तीर्थ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोंटिया ने किया तथा आभार अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव सिरोठिया सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।