7 वर्षीय बालक पर कुत्ते का जानलेवा हमला, घर के बाहर खेलना भी हुआ मुश्किल; आवारा कुत्तों पर अंकुश लगाने में नगर निगम नाकाम
Chhindwara 26 November 2026
छिंदवाड़ा यशो:- शहर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब ये कुत्ते मासूम बच्चों को निशाना बनाकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर रहे हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि घर के बाहर पार्क और गलियों में बच्चों का खेलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। ताजा मामला नगर निगम के वार्ड क्रमांक 5 स्थित खान कॉलोनी का है, जहां बच्चों के साथ खेल रहे सात वर्षीय मासूम प्रथम पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके हाथ को इतनी बुरी तरह काटा कि मांस तक नोच लिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बच्चे को उपचार के दौरान हाथ में 14 टांके लगाने पड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खान कॉलोनी निवासी रोहित देवलिया का बेटा प्रथम पार्क में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसके हाथ को बुरी तरह काट लिया। कुत्ते के हमले से बच्चे के हाथ का मांस उधड़ गया। दर्द और डर से सहमा प्रथम किसी तरह कुत्ते के चंगुल से छूटकर दौड़ता हुआ घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसके हाथ में 14 टांके लगाए।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। निगम की ओर से कुत्तों की नसबंदी और नियंत्रण के प्रयास किए जाने के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है। आए दिन कुत्तों के हमलों की घटनाएं सामने आने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
बच्चों की सुरक्षा पर जिम्मेदार कब होंगे गंभीर?
खान कॉलोनी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश है। लोगों का सवाल है कि जब आवारा कुत्ते मासूम बच्चों पर हमला कर रहे हैं और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर रहे हैं, तब जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को लेकर गंभीरता क्यों नहीं दिखा रहे हैं? नागरिकों ने मांग की है कि शहर के संवेदनशील इलाकों में आक्रामक आवारा कुत्तों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही बच्चों के खेलने वाले पार्कों और रिहायशी क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य मासूम को इस तरह की घटना का शिकार न होना पड़े।