23वें वर्ष भी निकली मां बैनगंगा की भव्य चुनरी यात्रा, महाआरती, दीपदान और विशाल भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Seoni, 26 November 2026
सिवनी / छपारा यशो:- कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर छपारा स्थित मां बैनगंगा के पुराने पुल घाट पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां आयोजित 23वें वार्षिक धार्मिक उत्सव के तहत निकाली गई विशाल चुनरी यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। मां बैनगंगा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालु माता की चुनरी लेकर पूरे भक्तिभाव के साथ यात्रा में शामिल हुए और मां बैनगंगा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
चुनरी यात्रा के पश्चात मां बैनगंगा का विधि-विधान से पूजन एवं पावन अभिषेक किया गया। इसके बाद घाट पर भव्य महाआरती आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।

जनप्रतिनिधियों ने भी की सहभागिता
इस धार्मिक आयोजन में केवलारी विधायक रजनीश सिंह, सिवनी विधायक दिनेश राय एवं नगर अध्यक्ष निशा सुरेश पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर मां बैनगंगा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
दीपदान से जगमगाया बैनगंगा घाट
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने बैनगंगा नदी में दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नदी में प्रवाहित दीपों की रोशनी से घाट का दृश्य अत्यंत मनोहारी नजर आया। दीपों की जगमगाहट और मां बैनगंगा के जयकारों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
आयोजन के दौरान घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। वहीं गोल्डन टेंपल धर्मार्थ ट्रस्ट की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले 23 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह धार्मिक उत्सव छपारा क्षेत्र की आस्था, धार्मिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।