मिमिक्री, स्किट और माइम प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बिखेरा हुनर, शानदार प्रस्तुतियों पर गूंजा सभागार
Seoni, 26 November 2026
सिवनी यशो:- जिला स्तरीय युवा उत्सव के दूसरे दिन मंच पर युवाओं की अभिनय प्रतिभा, रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। मिमिक्री, स्किट, माइम एवं नाटक प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रभावशाली अभिनय, संवाद अदायगी और जीवंत प्रस्तुतियों से युवाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। हास्य, संवेदना और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा।
स्किट और मिमिक्री में पीजी कॉलेज के प्रतिभागियों ने मारी बाजी
प्रतियोगिताओं के परिणामों में स्किट (हास्य नाटिका) में पीजी कॉलेज के हरिओम राही एवं उनके साथियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मिमिक्री प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज के मोनू उइके ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, माइम प्रतियोगिता में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी के संत कुमार अहाके एवं उनकी टीम प्रथम रही।
इन विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में सिवनी जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
आयोजन में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला नोडल अधिकारी डॉ. राकेश चौरासे, जिला पर्यवेक्षक डॉ. सविता मसीह, जिला संयोजक डॉ. मनोज कुमार टेंभरे, सांस्कृतिक विधा प्रभारी डॉ. श्रुति अवस्थी एवं डॉ. श्याम सिंह राहंगडाले, रूपांकन विधा प्रभारी डॉ. लीडिया कुमरे तथा साहित्यिक विधा प्रभारी डॉ. सत्येन्द्र कुमार शेन्डे सहित आयोजन से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आयोजन की सफलता में सभी का रहा योगदान
युवा उत्सव के सफल आयोजन में संयोजक प्रो. गनेश मंतारे, डॉ. ज्योति गजभिए, डॉ. सी.एल. अहिरवार, डॉ. नगमा निगार, अमितोष सनोडिया, डॉ. टी.पी. सागर, डॉ. संदीप शुक्ला, डॉ. वर्षा जैन, डॉ. नरेंद्र कुमार वासनिक और डॉ. नीलम कश्यप सहित जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ आज होगा युवा उत्सव का समापन
मीडिया प्रभारी डॉ. सत्येन्द्र कुमार शेन्डे ने बताया कि तीन दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का समापन आज नृत्य विधा की विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ होगा। प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग ने बताया कि समापन समारोह में बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं सिवनी विधायक श्री मुनमुन राय के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने जिले के समस्त युवा छात्र-छात्राओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों से समापन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।