बिजली विभाग की अनदेखी से रबी फसलों पर संकट, शिकायतों के बावजूद नहीं बदला ट्रांसफार्मर; किसानों ने दी बिजली कार्यालय के घेराव की चेतावनी
Seoni, 26 November 2026
सिवनी / धूमा यशो:- किसानों की आय बढ़ाने और खेती के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के दावों के बीच धूमा क्षेत्र के ग्राम घूरवाड़ा और सुक्कम के बीच लगा बिजली ट्रांसफार्मर पिछले छह माह से जला पड़ा है। आधा साल बीत जाने के बाद भी विद्युत वितरण कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर बदलने की सुध नहीं ली है। इसका खामियाजा क्षेत्र के दर्जनों किसानों को भुगतना पड़ रहा है। सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है और उनकी फसलों पर संकट मंडराने लगा है।
रबी फसलों की सिंचाई पर संकट
वर्तमान में रबी सीजन की गेहूं, चना सहित अन्य फसलों के लिए सिंचाई बेहद जरूरी है। खेतों में नमी बनाए रखने के लिए किसानों को समय पर बिजली और पानी की आवश्यकता है, लेकिन ट्रांसफार्मर खराब होने से विद्युत मोटरें और पंप बंद पड़े हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर तथा महंगे खाद-बीज खरीदकर फसलों की बोवनी की है। अब सिंचाई के अभाव में उनकी मेहनत और लागत दोनों पर संकट खड़ा हो गया है।
छह माह से शिकायतें, फिर भी नहीं हुई सुनवाई
प्रभावित किसानों के अनुसार ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत कई बार स्थानीय बिजली कार्यालय, लाइनमैन और वरिष्ठ अधिकारियों से की जा चुकी है। हर बार समस्या के निराकरण का आश्वासन तो मिलता है, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी न तो ट्रांसफार्मर की मरम्मत हुई और न ही नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
किसानों ने दी बिजली कार्यालय के घेराव की चेतावनी
ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से घूरवाड़ा और सुक्कम के किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों से शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी कुछ दिनों में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे एकजुट होकर बिजली कार्यालय का घेराव करेंगे और सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
अब सवाल यह है कि छह महीने से जला पड़ा ट्रांसफार्मर विभागीय अधिकारियों को क्यों नहीं दिखाई दे रहा? क्या किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा? जिम्मेदार विभाग कब जागेगा और कब तक किसानों को सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध हो सकेगी?