दादा गुरुजी की नर्मदा सेवा परिक्रमा यात्रा में हुए शामिल, श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
भोपाल यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर स्थित गौमुख घाट पर अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादा गुरुजी की मां नर्मदा सेवा परिक्रमा यात्रा से जुड़े आयोजन में सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां नर्मदा का विधिवत पूजन-अर्चन कर देश एवं प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदा परिक्रमा कर रहे सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां नर्मदा से प्रार्थना है कि सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण हों और दादा गुरु के सानिध्य में उनकी यह पावन यात्रा निर्विघ्न संपन्न हो। लोक कल्याण के लिए दादा गुरु का आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने लगभग 100 वर्ष पहले कहा था कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। तब के नरेंद्र से लेकर आज के नरेंद्र तक भारत की यात्रा इस बात को प्रमाणित करती है कि यह शताब्दी भारत की है।
विज्ञान भवन में प्रयोगशाला और गैलरी का शुभारंभ
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) के विज्ञान भवन में प्रदेश की प्रथम डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला एवं डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी का मंत्रोच्चार के बीच शुभारंभ किया।