गर्मी में मवेशियों और किसानों को मिलेगी राहत, भूजल स्तर बढ़ाने में भी होगा सहायक
Seoni, 16 November 2026
सिवनी / धनोरा यशो:-

और जल संचय को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी से किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। इसी क्रम में मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद, विकासखंड धनोरा, जिला सिवनी के तत्वावधान में संचालित जल संचय अभियान के अंतर्गत सेक्टर कुडारी की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति आमानाला द्वारा ग्राम के चेकडैम पर बोरी बंधान का कार्य किया गया। ग्रामीणों ने सामूहिक सहभागिता से बोरियों के माध्यम से पानी को रोककर उसके संरक्षण की पहल की।
बोरी बंधान का मुख्य उद्देश्य वर्षा एवं उपलब्ध जल को संरक्षित कर भूजल स्तर में वृद्धि करना तथा गर्मी के मौसम में मवेशियों और किसानों के लिए पानी की उपलब्धता बनाए रखने में सहयोग करना है। ग्रामीणों की यह पहल स्थानीय स्तर पर जल संकट से निपटने और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्याम उइके ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में जल संचय केवल आवश्यकता ही नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं मेंटर्स पीतम रजक एवं माधवी बागवान ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के कार्यों में निरंतर सहभागिता निभाने तथा गांव में उपलब्ध जल स्रोतों को संरक्षित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था से दीपेश विश्वकर्मा, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष चुन्नीलाल यादव, सचिव प्रीति धुर्वे, सीएमसीएलडीपी छात्र प्रियंका साहू, मनोहर दास टांडिया, संतोष यादव सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद द्वारा जल संचय अभियान के अंतर्गत सेक्टरवार ग्रामों की कार्ययोजना तैयार कर प्रस्फुटन ग्रामों में लगातार बोरी बंधान के कार्य कराए जा रहे हैं। यह अभियान दिसंबर माह तक निरंतर संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से अधिक से अधिक गांवों में जनसहभागिता को प्रोत्साहित कर जल संरक्षण के प्रयासों को व्यापक स्वरूप देने का लक्ष्य रखा गया है।