मुख्यमंत्री मोहन यादव कर सकते हैं द्वितीय चरण के भूमि पूजन में शिरकत
छिंदवाड़ा 25 जून 2025
छिंदवाड़ा यशो:- सौसर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध चमत्कारी हनुमान मंदिर को अब भव्य “हनुमान लोक” के रूप में विकसित किया जा रहा है। मंदिर विकास के पहले चरण का निर्माण कार्य अब समाप्ति की ओर है, वहीं दूसरे चरण के लिए शासन से अनुदान की स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम दौर में है।
हनुमान मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से द्वितीय चरण के भूमि पूजन हेतु आग्रह किया गया है, और संभावना है कि मुख्यमंत्री अगले माह मंदिर में आकर भूमि पूजन सहित अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
यह भी पढ़े :-<बाजीराव समाधि, संत सियाराम बाबा और शालीवाहन दर्शन का दिव्य दिवस/p>
मंदिर विस्तार में प्रशासन की सक्रिय भूमिका
मध्यप्रदेश शासन द्वारा मंदिर के समीप हनुमान लोक निर्माण हेतु स्वीकृत राशि से पहले फेस का निर्माण पूरा किया गया है।
अब द्वितीय फेस के लिए नई भूमि और अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता महसूस की जा रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने भी भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में सहयोग देना प्रारंभ कर दिया है।
भूमि रजिस्ट्री पर लगाई गई अस्थाई रोक
अनुविभागीय अधिकारी द्वारा मंदिर परिसर से लगी भूमि की रजिस्ट्री पर रोक लगाते हुए आदेश जारी किया गया है कि अब रजिस्ट्री केवल प्रशासनिक अनुमति के पश्चात ही होगी।
इससे संभावना है कि हनुमान मंदिर के विस्तार के लिए आवश्यक भूमि का संगठित और नियोजित अधिग्रहण संभव हो सकेगा।
यह भी पढ़े :-94 सप्ताह से अनवरत सुंदरकांड पाठ बना आस्था का प्रतीक: माँ ज्वालादेवी मंदिर बना श्रद्धा का सिद्ध पीठ
भक्तों में हर्ष और उत्साह का वातावरण
हनुमान मंदिर के पुनर्विकास और विस्तार कार्य को लेकर स्थानीय भक्तों व श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिल रहा है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ट्रस्ट सदस्यों ने विश्वास जताया है कि मंदिर का कायाकल्प न केवल धार्मिक महत्व बढ़ाएगा, बल्कि सांस्कृतिक पर्यटन की दृष्टि से भी क्षेत्र को नई पहचान देगा।



