माँ नर्मदा और देवी अहिल्या बाई का इंदौर से अटूट नाता : मंत्री प्रहलाद पटेल
108 नदियों के पावन जल से हुआ लोकमाता देवी अहिल्या की प्रतिमा का जलाभिषेक
Bhopal 13 September 2025
भोपाल /इंदौर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने शनिवार को इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा परिसर में लोकमाता देवी अहिल्या बाई की प्रतिमा का 108 नदियों के जल से जलाभिषेक किया। इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन (ताई) और स्थानीय विधायक गोलू शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नर्मदा परिक्रमा का जीवन से जुड़ा अनुभव
मंत्री पटेल ने कहा कि माँ नर्मदा और देवी अहिल्या बाई का इंदौर से गहरा और अटूट संबंध है। नर्मदा मैया की परिक्रमा उनके जीवन का आध्यात्मिक turning point रही है।
“तीस वर्ष पूर्व मैंने पहली बार नर्मदा परिक्रमा की थी। इसके बाद पत्नी श्रीमती पुष्पलता पटेल के साथ पुनः परिक्रमा की। इस अनुभव पर आधारित पुस्तक का लोकार्पण 14 सितम्बर को हिन्दी दिवस पर संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत करेंगे।”
108 नदियों के उद्गम स्थलों से संकलित जल
श्री पटेल ने बताया कि उन्होंने अब तक 106 नदियों के उद्गम स्थल देखे हैं और वहाँ से पावन जल लाकर संग्रहित किया है।
इन्हीं नदियों के जल से आज देवी अहिल्या बाई की प्रतिमा का अभिषेक किया गया।
इस अवसर पर वैदिक विद्वानों ने “त्वदीय पाद पंकजं नमामि देवी नर्मदे” का सामूहिक उच्चारण किया।
जल संरक्षण का संदेश
मंत्री पटेल ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान से जुड़ना उनके लिए सौभाग्य की बात रही।
इस अभियान ने यह संदेश दिया कि “जल ही जीवन है और सभी नदियाँ हमारी जीवनदायिनी माँ हैं।”
उन्होंने सभी नागरिकों से नदियों को सहेजने और स्वच्छ रखने की अपील की।
सामाजिक सहभागिता
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने दूध और जल से देवी अहिल्या की प्रतिमा का अभिषेक किया।
इस अवसर पर मंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती पुष्पलता पटेल, भाई जालिम सिंह पटेल सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।



